scorecardresearch
Tuesday, 31 March, 2026
होमदेशपीएमएलए मामला: ईडी के समक्ष पेश नहीं हुए अनिल अंबानी

पीएमएलए मामला: ईडी के समक्ष पेश नहीं हुए अनिल अंबानी

Text Size:

नयी दिल्ली, 27 फरवरी (भाषा) रिलायंस समूह के अध्यक्ष अनिल अंबानी बैंक धोखाधड़ी से जुड़े धनशोधन के एक मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समक्ष शुक्रवार को पूछताछ के लिए पेश नहीं हुए। यह जानकारी अधिकारियों ने दी।

एजेंसी यस बैंक से जुड़े धनशोधन मामले में उनका बयान दर्ज करना चाहती थी। अधिकारियों ने बताया कि हालांकि, वह पेश नहीं हुए।

अधिकारियों ने बताया कि यह तत्काल पता नहीं चल पाया कि ईडी ने क्या उन्हें कोई नयी तारीख दी है। अधिकारियों ने बताया कि अनिल अंबानी की पत्नी टीना अंबानी को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया था, लेकिन उन्होंने पूछताछ टालने का अनुरोध किया और उन्हें बाद में बुलाया जा सकता है।

उद्योगपति अनिल अंबानी (66) से बृहस्पतिवार को उनकी समूह कंपनी रिलायंस कम्युनिकेशन (आरकॉम) से जुड़े कथित बैंक ऋण धोखाधड़ी के मामले में करीब नौ घंटे तक पूछताछ की गई थी।

ईडी ने अनिल अंबानी से उनकी समूह कंपनियों से संबंधित जांच के तहत अगस्त 2025 में पहली बार पूछताछ की थी।

अनिल अंबानी की कई समूह कंपनियों पर ऋण धोखाधड़ी के आरोप हैं और ईडी ने हाल ही में इन सभी मामलों की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है।

एसआईटी का गठन उच्चतम न्यायालय के हालिया निर्देशों के आधार पर किया गया था।

ईडी द्वारा उच्चतम न्यायालय को दी गई जानकारी के अनुसार, उसने अनिल धीरूभाई अंबानी समूह (एडीएजी) के खिलाफ बैंक ऋण धोखाधड़ी और अन्य वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों की जांच के लिए तीन धनशोधन मामले दर्ज किए हैं।

संबंधित घटनाक्रम में, केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसने अंबानी और आरकॉम के खिलाफ 2013-17 के दौरान बैंक ऑफ बड़ौदा से कथित तौर पर धोखाधड़ी करने और बैंक को 2,220 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान पहुंचाने के आरोप में एक नया मामला दर्ज किया है।

इसके अलावा, सीबीआई ने अंबानी के आवास और आरकॉम कार्यालयों पर छापेमारी भी की है।

भाषा अमित माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments