scorecardresearch
Wednesday, 11 March, 2026
होमदेशप्रधानमंत्री तिरुचिरापल्ली में करेंगे विभिन्न परियोजनाओं की शुरुआत, राजग की रैली में शामिल होंगे

प्रधानमंत्री तिरुचिरापल्ली में करेंगे विभिन्न परियोजनाओं की शुरुआत, राजग की रैली में शामिल होंगे

Text Size:

तिरुचिरापल्ली (तमिलनाडु), 11 मार्च (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बुधवार को यहां लगभग 5,650 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे।

राज्य के अपने संक्षिप्त दौरे के दौरान वह शाम करीब साढ़े छह बजे राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की रैली को संबोधित करेंगे।

अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के महासचिव ई. के पलानीस्वामी, पाट्टाली मक्कल कॉची (पीएमके) नेता अंबुमणि रामदॉस, अम्मा मक्कल मुनेत्र कषगम (एएमएमके) के महासचिव टीटीवी दिनाकरण और अन्य नेता रैली में प्रधानमंत्री के साथ मंच साझा करेंगे।

प्रधानमंत्री के दौरे से पहले यहां पहुंचे पार्टी के तमिलनाडु प्रभारी व केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि राजग आगामी चुनाव में द्रमुक को सत्ता से बाहर कर देगा और दिवंगत मुख्यमंत्री जे. जयललिता के शासनकाल में देखी गई सुशासन व्यवस्था को वापस लाएगा।

मंगलवार रात यहां संवाददाताओं से बातचीत में उन्होंने कहा, “राजग के. पलानीस्वामी के नेतृत्व में सरकार बनाएगा और यह एक मजबूत गठबंधन है।”

विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के राजग में शामिल होने की अटकलों पर गोयल ने कहा, “गठबंधन के नेता पलानीस्वामी से पूछिए।”

गोयल ने कहा, “तमिलनाडु की जनता ने तय कर लिया है कि वे तमिल विरोधी और तमिल संस्कृति तथा गौरव के खिलाफ खड़े लोगों को कभी स्वीकार नहीं करेंगे। राज्य की जनता उदयनिधि को स्वीकार नहीं करती।”

प्रधानमंत्री ने अपनी यात्रा से पहले ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘राज्य भर में राजग की बढ़ती लोकप्रियता से द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) परेशान है। तमिलनाडु के लोगों ने द्रमुक के कुशासन और अधूरे वादों को देखा है। यही कारण है कि वे राजग के आशा और प्रगति के एजेंडे से जुड़ रहे हैं।’’

एक अन्य पोस्ट में उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में उनकी अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने मदुरै हवाई अड्डे को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा घोषित करने को मंजूरी दे दी।

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘इससे विशेष रूप से दक्षिणी तमिलनाडु में पर्यटन, व्यापार और आर्थिक अवसरों को बढ़ावा मिलेगा। शाश्वत संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत के लिए प्रसिद्ध मदुरै शहर अब वैश्विक स्तर पर अपने संपर्क को और मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाने जा रहा है।’’

शुरू की जाने वाली परियोजनाओं में पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस बुनियादी ढांचा, ग्रामीण कनेक्टिविटी, राजमार्ग विकास और रेलवे सेवाएं शामिल हैं।

वह दो अमृत भारत एक्सप्रेस, दो एक्सप्रेस ट्रेन और एक पैसेंजर ट्रेन सेवा को भी हरी झंडी दिखाएंगे। इससे तमिलनाडु की रेल कनेक्टिविटी तेलंगाना, कर्नाटक, केरल और पूर्वी भारत समेत अन्य क्षेत्रों से और मजबूत होगी, जिससे यात्रियों को लाभ मिलेगा और क्षेत्रीय आर्थिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।

भाषा खारी शोभना

शोभना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments