नयी दिल्ली, पांच फरवरी (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह शुक्रवार को विशेष परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम में परीक्षा से संबंधित विषयों, तनावमुक्त रहने की आवश्यकता और पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने जैसे मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
परीक्षा पे चर्चा का यह एपिसोड सोनी लिव, प्राइम वीडियो, और जी5 जैसे मंचों पर उपलब्ध होगा।
मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “कल छह फरवरी को पूर्वाह्न 10 बजे परीक्षा पे चर्चा जरूर देखें। इस वर्ष के पीपीसी में परीक्षा से जुड़े बहुत ही रोचक विषय शामिल हैं, खासकर तनावमुक्त रहने की आवश्यकता, पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करना और बहुत कुछ।”
उन्होंने कहा, “यह एक ऐसा कार्यक्रम है, जो मुझे हमेशा पसंद रहा है, क्योंकि यह मुझे पूरे देश के प्रतिभाशाली छात्रों से संवाद करने का अवसर देता है।”
प्रधानमंत्री परीक्षा पे चर्चा के माध्यम से युवा छात्रों के साथ संवाद करते रहे हैं। इस वर्ष संवाद सत्र गुजरात के देवमोगरा, तमिलनाडु के कोयंबटूर, छत्तीसगढ़ के रायपुर, असम के गुवाहाटी और दिल्ली के 7, लोक कल्याण मार्ग यानी प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास पर आयोजित किए गए।
मोदी ने तनावमुक्त परीक्षा के महत्व पर जोर दिया और चुनौतियों से निपटने, संतुलन बनाए रखने तथा आत्मविश्वास विकसित करने के व्यावहारिक उपाय साझा किए।
इस वर्ष परीक्षा पे चर्चा में 4.5 करोड़ से अधिक प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया। इसके अलावा 2.26 करोड़ लोगों ने विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लिया। कुल मिलाकर इस वर्ष इस कार्यक्रम में 6.76 करोड़ से अधिक लोगों ने भाग लिया।
भाषा जोहेब संतोष
संतोष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
