scorecardresearch
Saturday, 14 March, 2026
होमदेशप्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम बंगाल में 18,680 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की शुरुआत की

प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम बंगाल में 18,680 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की शुरुआत की

Text Size:

कोलकाता, 14 मार्च (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल में 18,680 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं की शुरुआत की।

मोदी ने 231 किलोमीटर लंबे चार लेन वाले खड़गपुर-मोरग्राम आर्थिक गलियारे की आधारशिला रखी, जिससे इन दोनों स्थानों की दूरी लगभग 120 किलोमीटर कम हो जाएगी और लगभग सात से आठ घंटे का समय बचेगा।

अधिकारियों ने बताया कि यह सड़क खड़गपुर और सिलीगुड़ी के बीच बन रहे आर्थिक गलियारे का हिस्सा है, जो पश्चिम मेदिनीपुर, बांकुड़ा, हुगली, पूर्वी बर्धमान, बीरभूम और मुर्शिदाबाद जिलों से होकर गुजरेगी।

उन्होंने बताया कि यह गलियारा राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच)-16, एनएच-19, एनएच-14 और एनएच-12 सहित प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्गों को एकीकृत करेगा।

अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री ने बंगाल के अपने दौरे के दौरान एनएच-14 पर 5.6 किलोमीटर लंबे चार लेन वाले दुबराजपुर बाईपास और कांगशाबती और शिलाबती नदियों पर अतिरिक्त चार लेन वाले पुलों के निर्माण की आधारशिला भी रखी।

अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री ने एनएच-19 और एनएच-114 के खंडों का उद्घाटन किया, जिससे सड़क सुरक्षा बढ़ेगी, यात्रा का समय कम होगा, भीड़भाड़ और प्रदूषण कम होगा, क्षेत्रीय संपर्क में सुधार होगा और क्षेत्र में पर्यटन और आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।

प्रधानमंत्री ने हल्दिया गोदी परिसर में ‘बर्थ 2’ के मशीनीकरण का भी उद्घाटन किया, जिससे कुशल, तेज और पर्यावरण अनुकूल ‘‘कार्गो हैंडलिंग’’ संभव हो सकेगी, और खिद्दरपुर (डॉक 1 – पश्चिम) के पुनरुद्धार परियोजना का भी लोकार्पण किया।

उन्होंने हल्दिया गोदी परिसर में ‘बर्थ-5’ के मशीनीकरण और कोलकाता में ‘बैस्क्यूल ब्रिज’ के नवीनीकरण सहित कई बंदरगाह अवसंरचना परियोजनाओं की आधारशिला रखी।

प्रधानमंत्री ने शहर में नदी पर्यटन सुविधा की भी नींव रखी।

मोदी ने पुरुलिया-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और अमृत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित किए गए छह रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण किया जिनमें कामाख्यागुड़ी, अनारा, तामलुक, हल्दिया, बराभूम और सिउड़ी शामिल हैं।

मोदी ने दो रेलवे परियोजनाओं बेल्डा से दंतान के बीच 16 किलोमीटर लंबी तीसरी रेल लाइन और दक्षिण पूर्वी रेलवे जोन में कलाइकुंडा और कनिमोहुली के बीच स्वचालित ब्लॉक सिग्नलिंग प्रणाली भी राष्ट्र को समर्पित किया।

राज्य में अप्रैल में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है।

भाषा धीरज अविनाश

अविनाश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments