मदुरै, 23 फरवरी (भाषा) तमिलनाडु के मदुरै में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के महासचिव एडप्पाडी के पलानीस्वामी एक मार्च को संयुक्त रूप से एक चुनावी रैली को संबोधित करेंगे। अन्नाद्रमुक के वरिष्ठ नेता केपी मुनुसामी ने सोमवार को यह घोषणा की।
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) द्वारा आयोजित इस रैली को आगामी विधानसभा चुनावों से पहले तमिलनाडु में गठबंधन के शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है।
तमिलनाडु में राजग का नेतृत्व अन्नाद्रमुक कर रही है। इसके घटक दलों में अन्नाद्रमुक के अलावा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), पट्टाली मक्कल काची- अंबुमणि ( पीएमके-अंबुमणि) और अम्मा मक्कल मुनेत्र कषगम (एएमएमके) शामिल हैं।
मुनुसामी ने मदुरै शहर और उपनगरीय जिलों के पार्टी पदाधिकारियों के साथ परामर्श बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘राजग की ओर से एक भव्य चुनावी सभा एक मार्च को मदुरै की धरती पर आयोजित की जाएगी।’’
वरिष्ठ नेता ने पुष्टि की कि रैली की अध्यक्षता अन्नाद्रमुक महासचिव करेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘बैठक में प्रधानमंत्री मोदी और पलानीस्वामी चुनाव प्रचार करेंगे।’’
भाषा धीरज रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
