(तस्वीरों के साथ)
नयी दिल्ली, 20 जून (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को उनके जन्मदिन पर देशवासियों से मिली शुभकामनाओं पर अपार हर्ष प्रकट करते हुये कहा कि लोगों का स्नेह उन्हें देश की सेवा करने की अधिक शक्ति प्रदान करता है।
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और तिब्बती आध्यात्मिक नेता दलाई लामा उन गणमान्य व्यक्तियों में शामिल थे जिन्होंने राष्ट्रपति को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं दी।
उनके अलावा, केंद्रीय मंत्रियों सहित बड़ी संख्या में राजनीतिक नेताओं और लोगों ने मुर्मू को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
मुर्मू ने ट्विटर पर कहा, “ आज मेरे जन्मदिन पर देशवासियों की ओर से मिले स्नेहपूर्ण बधाई और शुभकामना संदेशों से मुझे अपार प्रसन्नता का अनुभव हो रहा है। स्नेह की यह अभिव्यक्ति मुझे देश की सेवा करने की और अधिक शक्ति प्रदान करती है। मैं उन सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त करती हूं जिन्होंने मुझे अपनी शुभकामनाएं भेजीं।”
राष्ट्रपति ने कहा कि उन्होंने आज के दिन का आरम्भ सभी के कल्याण के लिए भगवान जगन्नाथ की प्रार्थना के साथ किया।
उन्होंने कहा, “बाद में, मैंने राष्ट्रपति भवन में कल्याण केंद्र और नई दिल्ली में ही अमर ज्योति चैरिटेबल ट्रस्ट में बच्चों के साथ समय बिताया। देवतुल्य भोले बच्चों से मिलकर और उनसे बातचीत करके मुझे बहुत खुशी और संतुष्टि का अनुभव हुआ।”
गौरतलब है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का जन्म 20 जून, 1958 को ओडिशा के मयूरभंज जिले के उपरबेड़ा गांव में एक संथाली जनजातीय परिवार में हुआ था।
उन्होंने पिछले साल 25 जुलाई को राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली थी। इससे पहले वह झारखंड की राज्यपाल रहीं।
भाषा
नोमान रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
