ठाणे, एक फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले के वन क्षेत्र में एक मोर मृत मिला, जिसके बाद घटना की जांच शुरू कर दी गई है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि ग्रामीणों ने 29 जनवरी को कल्याण तालुका के दहागांव के जंगल में मोर को मृत पाया और अधिकारियों को इसकी सूचना दी।
क्षेत्रीय वन अधिकारी (आरएफओ) संजय चन्ने ने बताया कि मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम किया जा रहा है और अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने कहा, ‘‘अंदेशा है कि ग्रामीणों ने छोटे जानवरों के शिकार के लिए जाल बिछाए होंगे और मोर इसमें फंस गया होगा तथा उसकी मौत हो गई।’’
हालांकि, उन्होंने इरादतन पक्षी का शिकार करने की बात से इनकार किया।
वन विभाग और पशु अधिकार कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र के 10 गांवों में जागरुकता अभियान शुरू किया है जिसमें स्थानीय लोगों को जाल बिछाने के खतरों और वन्यजीवों को नुकसान पहुंचाने पर कानूनी कार्रवाई के बारे में जानकारी दी जा रही है।
भाषा खारी शोभना
शोभना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.