नयी दिल्ली, 26 नवंबर (भाषा) कांग्रेस की राज्यसभा सदस्य रेणुका चौधरी ने कहा है कि संसद सिर्फ सरकार के विधायी एजेंडे पर मुहर लगाने तक सीमित नहीं किया जा सकता।
पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी ने सवाल किया कि क्या मोदी सरकार नियमित शीतकालीन सत्र आयोजित करेगी या इस संक्षिप्त बैठक के जरिए इसे टालने की तैयारी है?
उन्होंने 19 नवंबर को उपराष्ट्रपति एवं राज्यसभा के सभापति सी पी राधाकृष्णन को पत्र लिखकर संसद के सत्र को लेकर बनी अनिश्चितता पर हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया था।
कांग्रेस सांसद ने पत्र में कहा था कि मानसून सत्र के बाद 90 दिन से अधिक समय बीत जाने के बावजूद संसद के अगले सत्र को लेकर कोई स्पष्ट सूचना नहीं दी गई थी।
चौधरी ने कहा कि सरकार ने चुप्पी तोड़ी भी तो केवल कुछ दिनों की बैठक बुलाकर, जिसमें तथाकथित आवश्यक सरकारी कामकाज निपटाया जाएगा।
उन्होंने सवाल किया कि क्या संसद का काम केवल सरकार के विधायी प्रस्तावों को पारित करना है या उसे सरकार से जवाबदेही भी सुनिश्चित करनी है।
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने बृहस्पतिवार को कहा कि लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक दो दिसंबर से शुरू होगी। कार्यवाही तीन दिसंबर तक समाप्त होने की संभावना है।
भाषा हक रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.