जम्मू, एक मई (भाषा) पाकिस्तानी सैनिकों ने लगातार सातवीं रात नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया और जम्मू कश्मीर के तीन सीमावर्ती जिलों के कई सेक्टर में बिना उकसावे के गोलीबारी की, वहीं भारतीय सेना ने पाकिस्तान की इस कार्रवाई का माकूल जवाब दिया। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
जम्मू कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को आतंकवादी हमले के बाद दोनों देशों के मध्य बढ़ते तनाव के बीच मंगलवार को भारत और पाकिस्तान के सैन्य संचालन महानिदेशकों (डीजीएमओ) ने हॉटलाइन पर बात की थी लेकिन इसके बावजूद गोलीबारी की गई।
जम्मू में एक रक्षा प्रवक्ता ने कहा, ‘‘30 अप्रैल और एक मई की दरमियानी रात को पाकिस्तानी सैन्य चौकियों की तरफ से केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में कुपवाड़ा, उरी और अखनूर के सामने स्थित नियंत्रण रेखा पर बिना उकसावे के छोटे हथियारों से गोलीबारी की गई।’’
उन्होंने कहा कि भारतीय सैनिकों ने इसका माकूल जवाब दिया।
उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा और बारामूला जिलों में नियंत्रण रेखा के पास कई चौकियों पर बिना उकसावे के छोटे हथियारों से गोलीबारी शुरू करने के बाद, पाकिस्तान ने तेजी से पुंछ सेक्टर और उसके बाद जम्मू क्षेत्र के अखनूर सेक्टर में संघर्ष विराम का उल्लंघन किया।
मंगलवार रात को राजौरी जिले के सुंदरबनी और नौशेरा सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास कई चौकियों पर छोटे हथियारों से गोलीबारी की गई। इसके बाद पाकिस्तान ने जम्मू जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास परगवाल सेक्टर में गोलीबारी की।
पहलगाम में आतंकवादी हमले में 26 लोगों के मारे जाने की घटना के मद्देनजर 24 अप्रैल की रात से भारत द्वारा सिंधु जल संधि को निलंबित किए जाने के बाद से पाकिस्तानी सैनिक कश्मीर घाटी से लेकर जम्मू कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर स्थित विभिन्न स्थानों पर बिना उकसावे के गोलीबारी कर रहे हैं।
डीजीएमओ की वार्ता से परिचित लोगों ने बताया कि पाकिस्तानी सेना को बिना उकसावे के गोलीबारी के खिलाफ चेतावनी दी गई है।
भारत और पाकिस्तान फरवरी 2021 में नए सिरे से सीमाओं पर संघर्षविराम पर सहमत हुए थे, जब दोनों देशों के सैन्य संचालन महानिदेशकों (डीजीएमओ) ने 2003 के संघर्ष विराम समझौते के प्रति अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की थी।
पाकिस्तान के साथ भारत 3,323 किलोमीटर लंबी सीमा साझा करता है, जिसमें गुजरात से जम्मू के अखनूर तक लगभग 2,400 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी), जम्मू से लेह तक 740 किलोमीटर लंबी नियंत्रण रेखा (एलओसी) और सियाचिन क्षेत्र में 110 किलोमीटर लंबी वास्तविक ग्राउंड पोजिशन लाइन (एजीपीएल) शामिल है।
भाषा शोभना वैभव
वैभव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.