राजौरी/जम्मू, तीन फरवरी (भाषा) जम्मू कश्मीर के पुलिस प्रमुख दिलबाग सिंह ने शुक्रवार को कहा कि पाकिस्तान इस केंद्र शासित प्रदेश में भाईचारा और साम्प्रदायिक सद्भाव में खलल डालने के लिए अपने प्रायोजित तत्वों के जरिये बेकसूर लोगों को निशाना बना रहा है।
उन्होंने कहा कि लोगों की सुरक्षा जम्मू कश्मीर पुलिस की शीर्ष प्राथमिकता रही है और बनी रहेगी।
सीमावर्ती जिले राजौरी में सुरक्षा परिदृश्य की समीक्षा के लिए एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता कर रहे पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) सिंह ने कहा, ‘‘हमें लोक व्यवस्था को कोई नुकसान पहुंचने से रोकने के लिए और अधिक सतर्क रहना होगा।’’
विशेष निदेशक, सीआईडी, आर आर स्वैन और जम्मू जोन के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक मुकेश सिंह के साथ पुलिस प्रमुख ने राजौरी का दौरा किया, जहां धांगरी गांव में पिछले महीने की शुरूआत में आतंकवादियों के हमले में सात ग्रामीणों की जान चली गई थी और 14 अन्य घायल हो गये थे।
सिंह ने कहा, ‘‘पाकिस्तान अपने प्रायोजित तत्वों के जरिये केंद्र शासित प्रदेश में भाईचारा और सद्भाव को नुकसान पहुंचाने के लिए बेकसूर लोगों को निशाना बना रहा।’’
भाषा सुभाष पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
