scorecardresearch
Wednesday, 1 April, 2026
होमदेशइंदौर नगर निगम के अधिकारी का पीए छापों में निकला 2.25 करोड़ का आसामी

इंदौर नगर निगम के अधिकारी का पीए छापों में निकला 2.25 करोड़ का आसामी

Text Size:

इंदौर (मध्यप्रदेश), 14 जून (भाषा) मध्य प्रदेश पुलिस के आर्थिक अपराध अनुसंधान प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) ने अगले महीने होने वाले नगरीय निकाय चुनाव से पहले, इंदौर नगर निगम के एक अतिरिक्त आयुक्त के निजी सहायक (पीए) के ठिकानों पर मंगलवार को छापे मारे।

ईओडब्ल्यू के मुताबिक भ्रष्टाचार की शिकायत पर मारे गए छापों में निजी सहायक की 2.25 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्तियों का खुलासा हुआ है जिनमें एक स्कूल भी शामिल है।

प्रकोष्ठ के पुलिस अधीक्षक धनंजय शाह ने बताया कि नगर निगम के दरोगा (तृतीय श्रेणी कर्मचारी) मुकेश कुमार पांडे (53) के घर और सरकारी दफ्तर समेत तीन ठिकानों पर छापे मारे गए।

उन्होंने बताया कि नगर निगम में अलग-अलग पदों पर काम कर चुका पांडे फिलहाल इस निकाय की अतिरिक्त आयुक्त भव्या मित्तल का पीए है।

शाह ने बताया कि छापों में पांडे और उसकी पत्नी के नाम से शहर में दो मंजिलों वाला एक मकान, एक स्कूल और चार भूखंडों का पता चला है। उन्होंने बताया कि छापे में करीब आठ लाख रुपये मूल्य वाले सोने के जेवरात और 2.25 लाख रुपये की नकदी भी मिली है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया,‘‘छापों में पांडे की कुल 2.25 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्तियां मिली हैं, जबकि नगर निगम में 26 साल की नौकरी के दौरान वेतन-भत्तों से उसकी कुल आय 55 लाख रुपये आंकी गई है। जाहिर है कि इन संपत्तियों का मूल्य नगर निगम कर्मचारी की वैध आय से कहीं ज्यादा है।’’

अधिकारियों ने बताया कि इंदौर नगर निगम चुनाव के लिए छह जुलाई को मतदान होना है।

भाषा हर्ष

राजकुमार

राजकुमार

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments