scorecardresearch
Friday, 7 February, 2025
होमदेशविपक्षी सांसदों ने तमिल मछुआरों की गिरफ्तारी के खिलाफ प्रदर्शन किया

विपक्षी सांसदों ने तमिल मछुआरों की गिरफ्तारी के खिलाफ प्रदर्शन किया

Text Size:

नयी दिल्ली, सात फरवरी (भाषा) द्रमुक के नेतृत्व में विपक्ष के कई सांसदों ने श्रीलंकाई नौसेना द्वारा तमिल मछुआरों की गिरफ्तारी और उनकी नौकाओं को जब्त करने का विरोध करते हुए शुक्रवार को संसद परिसर में प्रदर्शन किया।

संसद के दोनों सदनों की बैठक शुरू होने से पहले विपक्ष के सांसदों ने संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन किया और बाद में इस मुद्दे को लोकसभा में भी उठाया।

विरोध प्रदर्शन में तमिलनाडु के कांग्रेस और वामपंथी सांसदों सहित कई अन्य विपक्षी दलों के सांसद भी शामिल हुए। विरोध प्रदर्शन का हिस्सा बनने वाले अन्य नेताओं में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के डेरेक ओ’ब्रायन और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माले) लिबरेशन के सुदामा प्रसाद शामिल थे।

प्रदर्शन कर रहे सांसदों ने हाथों में तख्तियां ले रखी थीं जिन पर, ‘‘तमिल मछुआरों के लिए न्याय’’, ‘‘हमारे मछुआरों को वापस लाओ’’, ‘‘अब और गिरफ्तारी नहीं’’ और ‘‘तमिलनाडु के मछुआरे भारतीय हैं’’ के नारे लिखे थे।

द्रमुक सांसद तिरुचि शिवा ने कहा कि तमिल मछुआरों की गिरफ्तारी का मामला एक राष्ट्रीय मुद्दा है क्योंकि श्रीलंका में वे भारतीय हैं जिनके साथ दुर्व्यवहार किया जा रहा है।

शिवा ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘विरोध प्रदर्शन में कई अन्य दलों ने भी हिस्सा लिया। यह एक ऐसा मुद्दा है जिसे राज्य तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए। वे तमिल मछुआरे हैं, वे भारतीय हैं।’’

राज्यसभा सदस्य ने कहा, ‘‘तमिल मछुआरों को वर्षों से प्रताड़ित किया जा रहा है, परेशान किया जा रहा है। सरकार इस मुद्दे को हल करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाती है।’’

उन्होंने दावा किया कि मछुआरे समुद्र में जाने से डर रहे हैं, जिससे उनकी आजीविका प्रभावित हो रही है।

भाषा हक

हक नेत्रपाल

नेत्रपाल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments