scorecardresearch
Tuesday, 24 February, 2026
होमदेशविपक्ष के विधायकों ने मंत्री जिरवाल को पद से हटाने की मांग को लेकर विधान भवन में विरोध प्रदर्शन किया

विपक्ष के विधायकों ने मंत्री जिरवाल को पद से हटाने की मांग को लेकर विधान भवन में विरोध प्रदर्शन किया

Text Size:

मुंबई, 24 फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र में विपक्षी विधायकों ने मंगलवार को विधान भवन परिसर में प्रदर्शन करते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) मंत्री नरहरि जिरवाल के इस्तीफे की मांग की। यह प्रदर्शन मंत्रालय में जिरवाल के कार्यालय के एक कर्मचारी से जुड़े रिश्वतखोरी के आरोपों को लेकर किया गया।

महा विकास आघाड़ी (एमवीए) के प्रदर्शनकारी विधायक सुबह विधान भवन की सीढ़ियों पर एकत्र हुए और उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली महायुति सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने सरकार पर एक ‘भ्रष्ट मंत्री’ को बचाने का आरोप लगाया और इस महीने की शुरुआत में रिश्वतखोरी के आरोप में एफडीए के एक लिपिक की भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) द्वारा की गई गिरफ्तारी के मद्देनजर मंत्री के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की।

एसीबी ने 12 फरवरी को मंत्रालय में एफडीए के क्लर्क राजेंद्र ढेरंगे को 35,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा था। इसके अलावा, रिश्वतखोरी से जुड़े एक ‘स्टिंग ऑपरेशन’ के बाद मंत्री जिरवाल के निजी सचिव डॉ. रामदास गाडे को भी उनके पद से हटा दिया गया।

बजट सत्र के दूसरे दिन विधान भवन की सीढ़ियों पर हुए इस प्रदर्शन में कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार, विधान परिषद में कांग्रेस के नेता सतेज पाटिल, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शप) नेता शशिकांत शिंदे और विधायक संदीप क्षीरसागर जैसे प्रमुख नेता शामिल हुए।

अपने विभाग में रिश्वतखोरी के आरोपों पर बढ़ते विरोध के बीच मंत्री नरहरि जिरवाल ने कहा था कि यदि उनके और आरोपी लिपिक के बीच कोई भी संबंध स्थापित होता है तो वे अपने पद से इस्तीफा दे देंगे।

भाषा

प्रचेता वैभव

वैभव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments