scorecardresearch
रविवार, 15 जून, 2025
होमदेशविपक्ष ने मणिपुर मुद्दे पर सरकार पर हमला बोला, भाजपा ने मालदा की घटना को जोरशोर से उठाया

विपक्ष ने मणिपुर मुद्दे पर सरकार पर हमला बोला, भाजपा ने मालदा की घटना को जोरशोर से उठाया

Text Size:

नयी दिल्ली, 22 जुलाई (भाषा) मणिपुर की घटना को लेकर राजनीतिक वाकयुद्ध शनिवार को उस समय तेज हो गया, जब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पश्चिम बंगाल और राजस्थान में महिलाओं के खिलाफ अत्याचार की घटनाओं का मुद्दा उठाते हुए विपक्ष की ‘‘चुप्पी’’ पर सवाल उठाया।

वहीं, विपक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार मणिपुर में हिंसा के मुद्दे पर संसद में चर्चा टालने के लिए इस तरह के हथकंडे अपना रही है।

सरकार केंद्रीय गृह मंत्री के जवाब के साथ मणिपुर मुद्दे पर अल्पकालिक चर्चा कराने पर सहमत हो गई है, लेकिन विपक्ष पहले प्रधानमंत्री के बयान की मांग कर रहा है। मणिपुर के एक गांव में दो महिलाओं को निर्वस्त्र घुमाने और उनके साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर आने के बाद विपक्ष इस मांग पर अड़ गया है।

इसके अलावा, विपक्ष बिना किसी समय की पाबंदी के सभी दलों को सदन में बोलने की अनुमति देकर बहस चाहता है और बृहस्पतिवार को संसद का मानसून सत्र शुरू होने के बाद से इस मुद्दे पर विरोध दर्ज करा रहा है।

सरकार ने विपक्षी दलों पर इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर बहस से भागने का आरोप लगाया है और इसके प्रति उनकी गंभीरता पर सवाल उठाया है।

भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को आरोप लगाया कि राजस्थान, पश्चिम बंगाल और बिहार जैसे विपक्ष शासित राज्यों में महिलाओं के खिलाफ जघन्य अपराधों की सूची लंबी है लेकिन विपक्षी पार्टियां मणिपुर की घटना पर राजनीति कर रही हैं।

सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने यहां भाजपा मुख्यालय में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए विपक्षी दलों पर निशाना साधा।

उन्होंने राजस्थान, बिहार व पश्चिम बंगाल में महिलाओं के खिलाफ दर्ज कुछ आपराधिक मामलों का संदर्भ दिया और कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी एवं अन्य विपक्षी दलों के नेताओं पर गैर-भाजपा शासित राज्यों में महिलाओं के साथ अपराधों पर चुप्पी साधने का आरोप लगाया।

ठाकुर ने आरोप लगाया, ‘‘राजस्थान में पिछले चार वर्षों में महिलाओं के खिलाफ अपराध के एक लाख से ज्यादा मामले दर्ज किए गए हैं। राजस्थान में कुल 33 हजार मामले महिलाओं के यौन उत्पीड़न से संबंधित हैं।’’

भाजपा ने पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में दो आदिवासी महिलाओं की कथित तौर पर पिटाई और उन्हें निर्वस्त्र करने का एक वीडियो भी पेश किया और विपक्षी नेताओं पर निशाना साधा। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर हमला बोला।

प्रधान ने कहा, ‘‘मणिपुर में जो हुआ वह दुर्भाग्यपूर्ण है, लेकिन पश्चिम बंगाल में जो हुआ वह अधिक दुर्भाग्यपूर्ण है। जो लोग मणिपुर की घटना पर आक्रोश व्यक्त कर रहे थे, वैसी ही बर्बर घटना पश्चिम बंगाल में हुई।’’

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और ठाकुर ने राजस्थान में मंत्री को उनके राज्य में महिलाओं के खिलाफ अपराध का मुद्दा उठाने के बाद बर्खास्त करने के लिए कांग्रेस पार्टी पर हमला बोला।

ठाकुर ने आरोप लगाया कि यह सोनिया गांधी और राहुल गांधी के निर्देश पर किया गया है।

मणिपुर में चार मई की घटना का वीडियो सामने आने के बाद विपक्षी दलों ने सरकार पर हमले तेज कर दिये हैं। इस वीडियो में पुरुषों के एक समूह को दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाने और उनके साथ मारपीट करते देखा जा सकता है।

कांग्रेस ने इस मुद्दे को लेकर भाजपा पर संसद में चर्चा से भागने का आरोप लगाया।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ट्वीट कर कहा, ‘‘प्रधानमंत्री और उनका गुणगान करने वाले लोग राजस्थान से संबंधित मुद्दे के साथ झूठी समानता दर्शा कर पिछले 80 दिनों के दौरान पूरे मणिपुर में हुई भयानक त्रासदी से ध्यान भटका रहे हैं।’’

कांग्रेस ने अपने ट्विटर अकाउंट पर ‘‘फेल रिपोर्ट कार्ड’’ के साथ महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी की तस्वीर भी साझा की।

ईरानी ने पलटवार करते हुए कहा, ‘‘केवल कुछ लोग ही इतने निचले स्तर तक गिर सकते हैं और वही महिलाओं के संबंध में ‘रिपोर्ट कार्ड’ रखते हैं।’’

ईरानी पर पलटवार करते हुए कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने आरोप लगाया कि जब ‘‘एक मंत्री के रूप में उनकी विफलताओं पर उनसे सवाल किया जाता है, तो वह लैंगिक तर्क के जरिये बचना पसंद करती हैं।’’

तृणमूल कांग्रेस की नेता महुआ मोइत्रा ने कहा, ‘‘माफ करें महिला एवं बाल विकास मंत्री। यह घटियापन नहीं है। घटियापन यह है कि भाजपा अन्य राज्यों में फर्जी खबरों के जरिए मणिपुर मुद्दे से ध्यान भटका रही है।’’

कांग्रेस नेता रंजीत रंजन ने कहा, ‘‘महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी मणिपुर की घटना पर जिम्मेदारी से बच रही हैं।’’

उन्होंने दावा किया, ‘‘यह ऐसी सरकार है जो ‘भगोड़े’ की तरह व्यवहार करती है क्योंकि वह विपक्ष से डरती है।’’

उन्होंने ईरानी पर राजस्थान और छत्तीसगढ़ की चुनिंदा घटनाओं को उछालने का आरोप लगाया। रंजन ने आरोप लगाया कि ईरानी उत्तर प्रदेश और हरियाणा जैसे भाजपा शासित राज्यों और दिल्ली, जहां पुलिस सीधे केंद्रीय गृह मंत्रालय के नियंत्रण में है, के मामलों पर चुप्पी साध लेती हैं।

मालदा की घटना पर बंगाल की महिला एवं बाल स्वास्थ्य मंत्री शशि पांजा ने कहा, ‘‘इस हाथापाई का कोई राजनीतिक या जातिवादी पहलू नहीं है।’’

कांग्रेस नेता गौरव गोगोई ने आरोप लगाया, ‘‘प्रधानमंत्री मणिपुर के मुख्यमंत्री को बचा रहे हैं और उनकी विफलताओं पर पर्दा डाल रहे हैं।’’

आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की।

तृणमूल कांग्रेस नेता डेरेक ओ’ब्रायन ने कहा, ‘‘भाजपा संसद को चलने नहीं दे रही है। सोमवार सुबह मणिपुर पर बहस शुरू होने दीजिए।’’

राजद के वरिष्ठ नेता मनोज कुमार झा ने कहा कि सरकार के पास अभी भी कुछ सुधार करने का मौका है।

उन्होंने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री को हटा देना चाहिए और सीमित अवधि के लिए राष्ट्रपति शासन लगाना चाहिए।’’

भाषा शफीक अविनाश

अविनाश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments