scorecardresearch
Monday, 9 February, 2026
होमदेशविरोधियों ने गलत तरीके से मुझे एक महिला से जोड़ा और अब उससे मेरे बच्चे की बात हो रही: तेजप्रताप

विरोधियों ने गलत तरीके से मुझे एक महिला से जोड़ा और अब उससे मेरे बच्चे की बात हो रही: तेजप्रताप

Text Size:

पटना, आठ फरवरी (भाषा)बिहार के पूर्व मंत्री और लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने रविवार को आरोप लगाया कि उनके विरोधियों ने पहले गलत तरीके से उनके नाम को एक महिला से जोड़ा था और अब वे दावा कर रहे हैं कि महिला ने उनके बच्चे को जन्म दिया है।

तेज प्रताप ने देर शाम यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए राज्यसभा सदस्य और विधान परिषद के एक सदस्य को ‘जयचंद’ करार देते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की बात की।

जयचंद 10वीं शताब्दी का एक राजपूत सरदार था, जिसने अफगान आक्रमणकारी मुहम्मद गोरी के साथ समझौता किया था और इतिहास में उसे गद्दार के रूपक के तौर पर इस्तेमाल किया जाता है।

तेज प्रताप ने कहा, ‘‘सोशल मीडिया पर फैल रही उन अफवाहों से मैं बहुत परेशान हूं कि जिस महिला से मेरा नाम कुछ महीने पहले गलत तरीके से जोड़ा गया था, जिसके कारण मुझे पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था, उसने मेरे बच्चे को जन्म दिया है।’’

तेज प्रताप की उनके फेसबुक पेज पर एक महिला के साथ तस्वीर साझा हुई थी जिसके बाद उनके पिता लालू प्रसाद यादव के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनता दल (राजद) से उन्हें निष्कासित कर दिया गया था।

उन्होंने दावा किया था कि सोशल मीडिया पर जारी की गयी पोस्ट ‘पांच जयचंदों’ द्वारा उनके फेसबुक प्रोफाइल को हैक कर किया गया था। उक्त पोस्ट में कथित तौर पर तेज प्रताप की ओर से कहा था कि वह महिला के साथ ‘‘12 साल से रिश्ते में’’ हैं।

तेज प्रताप ने आरोप लगाते हुए कहा, ‘‘जिन जयचंदों की मैं बात कर रहा हूं, उनके बारे में कुछ रहस्य बना हुआ है। उनके नाम मुकेश रोशन, संजय यादव, शक्ति सिंह यादव, रमीज और सुनील सिंह है।’’

उल्लेखनीय है कि संजय यादव राजद के मौजूदा सांसद हैं और सुनील सिंह विधान पार्षद (एमएलसी) हैं, जबकि शक्ति सिंह यादव और मुकेश रोशन पूर्व विधायक हैं। रमीज तेज प्रताप के छोटे भाई और अब राजद के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव के करीबी मित्र हैं।

तेज प्रताप ने संवाददाता सम्मेलन में जिन लोगों के नाम लिये हैं उनमें से कोई भी इन आरोपों पर प्रतिक्रिया के लिए उपलब्ध नहीं हुआ।

लालू प्रसाद के बड़े बेटे ने कहा कि अफवाहों के बारे में उन्हें तब पता चला जब यह बताया गया कि केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने बच्चे के जन्म पर ‘बधाई’ दी है।

उन्होंने कहा, ‘‘हाल ही में मैंने मकर संक्रांति के अवसर पर एक भव्य भोज का आयोजन किया था जिसमें काफी लोग शामिल हुए थे। इससे मेरे विरोधियों में मेरी पार्टी की संभावनाओं को लेकर चिंता पैदा हो गई है। मैं उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करूंगा। मैं अदालत का रुख करूंगा। मैंने गृह मंत्री सम्राट चौधरी से मिलने का समय भी मांगा है।’’

तेज प्रताप ने कहा, ‘‘मैं अपने विरोधियों से विनती करता हूं कि मुझे शांति से जीने दें। मैं उस व्यक्ति को जानता हूं जिसके साथ वह महिला रिश्ते में है और जो, मेरा मानना ​​है, बच्चे का पिता है। वे मेरा नाम घसीटकर मुझे मानसिक पीड़ा पहुंचा रहे हैं।’’

भाषा धीरज प्रशांत

प्रशांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments