scorecardresearch
Friday, 20 February, 2026
होमदेशकेरल के कन्नूर जिले में बम विस्फोट में एक व्यक्ति घायल

केरल के कन्नूर जिले में बम विस्फोट में एक व्यक्ति घायल

Text Size:

कन्नूर (केरल), 20 फरवरी (भाषा) केरल के कन्नूर जिले में शुक्रवार को अलग-अलग स्थानों पर हुई बम विस्फोट की दो घटनाओं में एक व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि पहली घटना सेंट्रल पोयिलूर के निकट पनूर में सुबह करीब 9 बजे हुई और इसमें शमित लाल नाम का ट्रक चालक घायल हो गया। बम जमीन के नीचे छिपा कर रखा हुआ था।

यह विस्फोट उस समय हुआ, जब एक खुदाई मशीन निर्माण कार्य के लिए रेत खनन कर रही थी।

पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से विस्फोटक पदार्थ के अवशेष बरामद कर लिए गए हैं।

दूसरी घटना में, मनोलीकावु में एक मंदिर के प्रवेश द्वार के पास एक अज्ञात व्यक्ति ने सुबह लगभग 4 बजे सड़क पर बम फेंका।

विस्फोट इलाके में तैनात एक पुलिस वाहन के पास हुआ, लेकिन इसमें किसी को चोट नहीं आई।

पुलिस ने बताया कि मंदिर उत्सव के दौरान मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस के बाद यह घटना हुई।

अधिकारियों ने बताया कि अप्रिय घटनाओं को रोकने के लिए इलाके में पुलिस बल तैनात किया गया है।

विस्फोट की दोनों घटनाओं की जांच जारी है।

भाषा

सुभाष पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments