बल्लारी (कर्नाटक), 10 मार्च (भाषा) कर्नाटक के बल्लारी में एक निजी आवासीय विद्यालय में नौवीं कक्षा के एक छात्र ने लोहे की छड़ और धारदार वस्तु से हमला कर एक व्यक्ति की कथित तौर पर हत्या कर दी और कई अन्य को घायल कर दिया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने कहा कि शनिवार रात हुई इस घटना के बाद से फरार चल रहे छात्र को सोमवार को शहर के बाहरी इलाके से पकड़ लिया गया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, “हमने लड़के को हिरासत में ले लिया है और फिलहाल उसकी काउंसलिंग की जा रही है। तय प्रक्रिया के अनुरूप डॉक्टरों का एक पैनल उसका चिकित्सकीय परीक्षण कर रहा है।”
पुलिस अधिकारी ने कहा कि घटना के सटीक कारण का अभी पता नहीं चल पाया है।
पुलिस के मुताबिक, शनिवार रात स्कूल के छात्रावास में नौ छात्र सामाजिक विज्ञान के शिक्षक, जो छात्रावास के वार्डन भी हैं, की निगरानी में थे।
आरोप है कि छात्र ने गुस्से में आकर सभी पर अचानक हमला कर दिया। इस हमले में एक छात्र की मौत हो गई, जबकि सात अन्य घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि रात के भोजन के बाद छात्र छात्रावास में सो रहे थे, तभी आरोपी ने अपने साथियों पर लोहे की छड़ और धारदार वस्तु से हमला कर दिया।
सूत्रों ने आशंका जताई कि यह घटना किसी मामूली विवाद का नतीजा हो सकती है।
पुलिस ने बल्लारी के ब्रूसपेट थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भाषा
मनीषा प्रेम
प्रेम
प्रेम
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
