scorecardresearch
Monday, 9 February, 2026
होमदेशसिंहस्थ कुंभ से पहले ओझर हवाई अड्डे का विस्तार किया जाएगा : फडणवीस

सिंहस्थ कुंभ से पहले ओझर हवाई अड्डे का विस्तार किया जाएगा : फडणवीस

Text Size:

नासिक, नौ फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि ओझर हवाई अड्डे का विस्तार नासिक में होने वाले सिंहस्थ कुंभ मेले 2027 से पहले क्षेत्रीय विकास और संपर्क सुविधा को उल्लेखनीय रूप से मजबूत करेगा।

फडणवीस ने कहा कि राज्य सरकार ने हवाई अड्डे के विस्तार के लिए 640 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं और यह भी बताया कि कुंभ मेले के दौरान नासिक में श्रद्धालुओं की संख्या में आठ से दस गुना वृद्धि होने की उम्मीद है, जिसके लिए बेहतर बुनियादी ढांचे और सुविधाओं की आवश्यकता होगी।

फडणवीस ने रविवार को परियोजना के शिलान्यास समारोह के बाद कहा, ‘‘हवाई यात्रा अब विलासिता नहीं बल्कि एक आवश्यकता है। नासिक हवाई अड्डे का विस्तार समग्र विकास को गति देगा।’’

उन्होंने कहा कि बागवानी और सब्जी उत्पादन में अग्रणी जिला नासिक माल ढुलाई संपर्क से लाभान्वित होगा, जिससे जल्दी खराब होने वाली वस्तुओं और फलों के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजार खुलेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत को यूरोपीय संघ और अमेरिका के बाजारों तक पहुंच प्राप्त हुई है। यूरोपीय संघ और अमेरिका के साथ समझौते किए गए हैं और प्रतिबंधों में ढील से निर्यात-उन्मुख गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।’’

साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि नयी व्यवस्थाओं के तहत नासिक के निर्यात में उल्लेखनीय वृद्धि होने की उम्मीद है।

रक्षा क्षेत्र का जिक्र करते हुए फडणवीस ने कहा कि हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) ने ओझर में बड़े पैमाने पर उत्पादन शुरू कर दिया है और उसे पर्याप्त ‘ऑर्डर’ मिले हैं, जिससे रोजगार सृजित होगा और सहायक उद्योगों को आकर्षित किया जाएगा।

भाषा गोला सिम्मी

सिम्मी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments