पुरी, 10 मार्च (भाषा) ओडिशा के पुरी जिले की एक महिला ने मंगलवार को राज्य और केंद्र सरकार से अपनी बेटी को बचाने की गुहार लगाई। महिला का आरोप है कि उसकी बेटी का पांच साल पहले अपहरण कर लिया गया और तब से उसे बांग्लादेश में बंधक बनाकर रखा गया है।
महिला ने दावा किया कि उसकी 16 वर्षीय बेटी 2021 में किसी व्यक्ति के साथ पड़ोसी देश बांग्लादेश फरार हो गई थी।
मां के अनुसार, अब 21 वर्षों की हो गयी उसकी बेटी ने हाल में उससे फोन पर संपर्क किया।
महिला ने पुरी पुलिस को लिखित शिकायत में कहा, “मेरी बेटी ने बताया कि वह पुरी से साबिर नाम के एक युवक के साथ चली गई थी, जो 2021 में कोविड-19 महामारी के दौरान सोशल मीडिया के जरिए उसके संपर्क में आया था।”
महिला ने शिकायत में आरोप लगाया कि उस समय उसकी नाबालिग बेटी का अपहरण कर उसे धर्म परिवर्तन कर जबरन शादी करने के लिए मजबूर किया गया।
पुरी के पुलिस अधीक्षक प्रतीक सिंह ने महिला की शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की जांच के बाद संबंधित अधिकारियों के साथ संपर्क किया जाएगा।
भाषा रंजन पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
