भुवनेश्वर,14 मार्च (भाषा) बीजू जनता दल (बीजद) के अध्यक्ष नवीन पटनायक ने शनिवार को ओडिशा में आगामी राज्यसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर ‘खरीद फरोख्त’ में शामिल होने का आरोप लगाया और कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में इस तरह का कृत्य एक “अपराध” है।
उनकी यह टिप्पणी द्विवार्षिक चुनाव में ‘क्रॉस-वोटिंग’ की आशंका के बीच आई है, जिसमें राज्य की चार सीट के लिए पांच उम्मीदवार मैदान में हैं।
भाजपा के वरिष्ठ विधायक और पूर्व मंत्री जयनारायण मिश्र ने पटनायक के आरोप को खारिज करते हुए कहा कि ऐसी कोई ‘खरीद फरोख्त’ नहीं हो रही है।
भाजपा के दो उम्मीदवार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सामल और मौजूदा राज्यसभा सदस्य सुजीत कुमार हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री दिलीप राय भी निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं और उन्हें भाजपा का समर्थन प्राप्त है।
बीजद के उम्मीदवार पार्टी नेता संतृप्त मिश्रा और प्रसिद्ध मूत्ररोग विशेषज्ञ डॉ दत्तेश्वर होता हैं, जिन्हें कांग्रेस और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) का समर्थन प्राप्त है।
चौथी सीट जीतने के लिए न तो सत्तारूढ़ भाजपा और न ही विपक्षी बीजद के पास आवश्यक संख्या है, इसलिए ‘क्रॉस-वोटिंग’ की संभावना जताई जा रही है।
पटनायक ने यहां ओडिशा विधानसभा परिसर में कहा, “भाजपा के नेता और उसके तीन राज्यसभा उम्मीदवार इस लोकतांत्रिक चुनाव को जीतने के लिए खरीद-फरोख्त करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं, जो एक अपराध है।”
भाजपा विधायक ने कहा कि बीजद प्रमुख ने सत्तारूढ़ पार्टी पर ‘खरीद-फरोख्त’ का आरोप लगाकर राज्यसभा चुनाव से पहले ही हार स्वीकार कर ली है।
मिश्रा ने कहा, “जिस व्यक्ति को पीलिया होता है, उसे सब कुछ पीला ही दिखाई देता है। हम खरीद-फरोख्त में शामिल नहीं हैं और हमने विधायकों से अपने विवेक के अनुसार मतदान करने का आह्वान किया है।”
उन्होंने दावा किया कि कुछ विधायक भाजपा को प्राथमिकता दे रहे हैं, क्योंकि उन्हें लगता है कि बीजद में उनका “कोई भविष्य नहीं” है।
ओडिशा में राज्यसभा चुनाव के लिए 16 मार्च को मतदान होना है, जो 12 वर्षों के अंतराल के बाद होगा, क्योंकि इस बार चार सीट के लिए पांच उम्मीदवार मैदान में हैं। ये सीट दो अप्रैल को खाली होंगी।
भाषा राखी दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
