scorecardresearch
Friday, 20 February, 2026
होमदेशओडिशा: पुरी रथ यात्रा के लिए भीड़ प्रबंधन पर ध्यान केंद्रित करते हुए ‘मास्टर प्लान’ तैयार किया गया

ओडिशा: पुरी रथ यात्रा के लिए भीड़ प्रबंधन पर ध्यान केंद्रित करते हुए ‘मास्टर प्लान’ तैयार किया गया

Text Size:

भुवनेश्वर, 18 फरवरी (भाषा) ओडिशा सरकार ने पुरी में होने वाली वार्षिक रथ यात्रा के लिए भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा पर विशेष ध्यान केंद्रित करते हुए एक ‘मास्टर प्लान’ तैयार किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि मुख्य सचिव अनु गर्ग ने रथ यात्रा को लेकर मंगलवार शाम भुवनेश्वर में लोक सेवा भवन में आयोजित रथ यात्रा समन्वय समिति की दूसरी बैठक की अध्यक्षता की।

एक अधिकारी ने बताया कि पुरी के जिलाधिकारी दिव्य ज्योति परीदा और पुलिस अधीक्षक (एसपी) प्रतीक सिंह ने बैठक में रथ यात्रा मास्टर प्लान 2026 को पेश किया और विशाल महोत्सव को लेकर विभिन्न विभागों से सहयोग का अनुरोध किया।

उन्होंने कहा, ‘‘यह मास्टर प्लान पिछले अनुभवों, विशेष रूप से 2025 में हुए कुप्रबंधन को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है।’’

पिछले साल पुरी में रथ यात्रा उत्सव के दौरान भगदड़ में दो महिलाओं सहित तीन लोगों की मौत हो गई थी और लगभग 50 अन्य लोग घायल हो गए थे।

इस वर्ष रथ यात्रा उत्सव 16 जुलाई को और ‘बहुड़ा’ यात्रा (रथ वापसी उत्सव) 24 जुलाई को है।

समन्वय समिति की बैठक के दौरान श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन के मुख्य प्रशासक अरविंद पाढ़ी ने कहा कि रथ निर्माण के लिए लकड़ी की खरीद पूरी हो चुकी है और तैयारियां जारी हैं।

उन्होंने कहा कि इस बार ‘‘चारमाला’’ (रथों से देवताओं को नीचे उतारने के लिए रथों पर लगाई जाने वाली लकड़ी की विशाल सीढ़ी) के लिए अलग से व्यवस्था की गई है।

पिछली बार श्री गुंडिचा मंदिर के पास लकड़ी की सीढ़ियों को स्थानांतरित करने के दौरान भगदड़ मची थी।

चर्चा के दौरान मुख्य सचिव ने निर्धारित समय पर रथ यात्रा शुरू करने के लिए भगवान जगन्नाथ के अनुष्ठानों को समय पर पूरा करने, पुरी के ग्रैंड रोड (बड़ा डंडा) पर भीड़ प्रबंधन, पार्किंग सुविधाओं, स्वास्थ्य सेवाओं, आपातकालीन प्रतिक्रिया और स्वच्छता की आवश्यकता पर जोर दिया।

पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) वाई बी खुराना ने भीड़ प्रबंधन को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए उत्तरा छक से बड़ा डंडा तक पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाने का सुझाव दिया।

भाषा

सुरभि मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments