scorecardresearch
Monday, 13 April, 2026
होमदेशओडिशा: पत्नी, बहू और पोती की हत्या करने के बाद व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली

ओडिशा: पत्नी, बहू और पोती की हत्या करने के बाद व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली

Text Size:

भुवनेश्वर, 15 मार्च (भाषा) ओडिशा के देवगढ़ जिले में 52 वर्षीय एक व्यक्ति ने कथित तौर पर घरेलू विवाद के बाद अपनी पत्नी, बहू और चार साल की पोती की हत्या कर दी और बाद में जहर खाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार रमेश गरिया ने बुधवार रात गरियापाली गांव (कुंधेइगोला क्षेत्र) में इस वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गया। उस समय उसके दोनों बेटे गांव से बाहर थे।

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। शनिवार को पुलिस ने आरोपी को गांव में एक पानी की टंकी के ऊपर छिपा हुआ पाया।

देवगढ़ के पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार मिश्रा ने बताया कि जब पुलिस और अग्निशमन कर्मियों ने उसे नीचे उतारने की कोशिश की तो उसने टंकी से कूदने की धमकी दी, जिसके बाद बचाव अभियान शुरू किया गया।

कई घंटों तक चले अभियान के दौरान पुलिस और अग्निशमन कर्मियों ने उसे काबू में करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस के पास पहुंचते ही उसने अपने पास रखे किसी जहरीले तरल पदार्थ का सेवन कर लिया।

इसके बाद उसे तुरंत देवगढ़ जिला मुख्यालय अस्पताल ले जाया गया और हालत बिगड़ने पर विमसर बरला रेफर किया गया, जहां शनिवार रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

भाषा

राखी नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments