scorecardresearch
Wednesday, 18 February, 2026
होमदेशओडिशा: राज्यपाल ने प्रदेश को बताया देश का ‘विकास इंजन’, विपक्ष का विधानसभा से बहिर्गमन

ओडिशा: राज्यपाल ने प्रदेश को बताया देश का ‘विकास इंजन’, विपक्ष का विधानसभा से बहिर्गमन

Text Size:

भुवनेश्वर, 17 फरवरी (भाषा) ओडिशा में विपक्षी बीजू जनता दल (बीजद) और कांग्रेस के विधायकों ने मंगलवार को विधानसभा में राज्यपाल हरि बाबू कंभमपति के अभिभाषण के दौरान बहिर्गमन किया।

राज्यपाल ने अपने अभिभाषण में ओडिशा को देश का ‘विकास इंजन’ बताया।

विपक्षी विधायकों ने दावा किया कि राज्यपाल के दावे और जमीनी हकीकत में कोई तालमेल नहीं है।

बजट सत्र की शुरुआत राष्ट्रगान से हुई और विपक्षी सदस्यों ने लगभग एक घंटे तक सहयोग किया।

हालांकि, बाद में कांग्रेस और बीजद सदस्यों ने राज्यपाल के अभिभाषण में किए गए दावों के विरोध में बहिर्गमन किया।

राज्यपाल ने अपने भाषण की शुरुआत पारंपरिक अभिवादन ‘जय जगन्नाथ’ से करते हुए कहा कि ओडिशा विकसित भारत का ‘विकास इंजन’ बनेगा।

उन्होंने कहा, “ओडिशा अब पहचान की प्रतीक्षा नहीं कर रहा बल्कि यह ‘विकसित भारत’ के विकास इंजन के रूप में फलने-फूलने, समृद्ध होने और नेतृत्व करने के लिए तैयार है।”

कंभमपति ने कहा कि ओडिशा सरकार ने 2036 (राज्य के 100 वर्ष पूरे होने पर) और 2047 (भारत की स्वतंत्रता की शताब्दी) के लिए एक व्यापक विजन दस्तावेज तैयार किया है।

राज्यपाल ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 20 जून, 2025 को एक विजन दस्तावेज जारी किया, जिसका लक्ष्य 2036 तक ओडिशा को 500 अरब अमेरिकी डॉलर और 2047 तक 1500 अरब अमेरिकी डॉलर की अर्थव्यवस्था में परिवर्तित करना है, साथ ही सुधारों के माध्यम से देश के सकल घरेलू उत्पाद में राज्य के योगदान को तीन प्रतिशत से बढ़ाकर पांच प्रतिशत करना और औसत विकास दर को सात प्रतिशत से बढ़ाकर 9.5 प्रतिशत करना है।”

उन्होंने इस्पात क्षेत्र में ओडिशा की मजबूत स्थिति पर प्रकाश डाला और कहा कि राज्य में वर्तमान में 55 इस्पात संयंत्र हैं, जिनकी वार्षिक उत्पादन क्षमता लगभग 4.5 करोड़ टन है, जो देश के कुल इस्पात उत्पादन का लगभग 23 प्रतिशत है।

कंभमपति ने कहा, “ओडिशा देश में इस्पात और स्टेनलेस स्टील के उत्पादन में भी प्रथम स्थान पर है।”

राज्यपाल ने कहा कि राज्य 2030 तक 10 करोड़ टन इस्पात की आपूर्ति करने के लिए अपनी क्षमता बढ़ाने को तैयार है।

विपक्ष के नेता और बीजद अध्यक्ष नवीन पटनायक ने कहा, “राज्यपाल का भाषण शब्दों से भरा है, लेकिन इसमें योजनाओं की कमी है।’’

कांग्रेस विधायक दल के नेता रामचंद्र कदम ने दावा किया कि राज्यपाल के भाषण और राज्य सरकार के कार्यों में कोई तालमेल नहीं है।

कदम ने पत्रकारों से कहा, “राज्यपाल सदन में भले ही गुलाबी तस्वीर पेश कर रहे हों लेकिन किसान, अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति समुदाय के लोग और युवा परेशान हैं।”

भाषा जितेंद्र अविनाश

अविनाश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments