बालासोर (ओडिशा), 15 फरवरी (भाषा) ओडिशा पुलिस ने ढाई साल के उस बच्चे को बरामद कर लिया है, जिसे उसके पिता ने एक व्यक्ति को कथित तौर पर एक लाख रुपये में बेच दिया था। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि बच्चे के पिता और उसे खरीदने वाले को हिरासत में ले लिया गया है।
नीलगिरि अधिसूचित क्षेत्र परिषद के बारिसाही गांव की यह घटना सोशल मीडिया पर एक वीडियो के वायरल होने के बाद सामने आई जिसमें कथित तौर पर पिता संभावित खरीदार के साथ मोलभाव करता दिखाई दे रहा है।
इसके बाद एक स्थानीय कार्यकर्ता ने नीलगिरि थाने में शिकायत दर्ज कराई। हालांकि, ‘पीटीआई-भाषा’ वीडियो की प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सका।
नीलगिरि के अनुमंडलीय पुलिस अधिकारी प्रमोद कुमार मलिक ने बताया, ‘‘बच्चे को चिमिनीभाटी इलाके से बरामद कर बाल कल्याण समिति को सौंप दिया गया है। जांच जारी है।’’
उन्होंने बताया कि इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार पिता की पहचान पेशे से राजमिस्त्री राकेश कुमार बेहेरा उर्फ कुआ के रूप में हुई है और उसे पहली किस्त के रूप में कथित तौर पर 50,000 रुपये मिले थे।
बेहेरा ने पूछताछ में बताया कि उसने आर्थिक तंगी के कारण यह कदम उठाया।
उसने पत्रकारों से कहा, ‘‘हमारे चार बच्चे हैं और उन्हें पालने में हमें काफी दिक्कत हो रही है। एक परिचित व्यक्ति ने खरीदार का इंतजाम किया और मैंने बच्चे को उसे सौंप दिया।’’
पुलिस सूत्रों ने बताया कि बेहेरा ने दो शादियां की थीं और जिस बच्चे को कथित तौर पर बेचा गया, वह उससे अलग रह रही दूसरी पत्नी से है।
भाषा खारी शोभना
शोभना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
