scorecardresearch
Tuesday, 24 March, 2026
होमदेशहिमंत के खिलाफ चुनाव लड़े रहे कांग्रेस उम्मीदवार का नामांकन खारिज

हिमंत के खिलाफ चुनाव लड़े रहे कांग्रेस उम्मीदवार का नामांकन खारिज

Text Size:

गुवाहाटी, 24 मार्च (भाषा) असम विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के तीन उम्मीदवारों के नामांकन मंगलवार को हुई जांच के दौरान खारिज कर दिए गए, जिनमें से एक का नामांकन जलुकबारी सीट से था, जहां से मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा चुनाव लड़ रहे हैं। निर्वाचन आयोग ने यह जानकारी दी।

शाम साढ़े चार बजे तक कुल 18 नामांकन पत्र खारिज किए जा चुके थे। हालांकि, नामांकन पत्रों की जांच प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई है।

निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के अनुसार, ढकुआखाना सीट से कांग्रेस उम्मीदवार आनंद नराह, हाफलोंग सीट से निर्मल लंगथासा और जलुकबारी सीट से विदिशा नेओग के नामांकन पत्र खारिज कर दिए गए हैं।

ढकुआखाना सीट पर वर्तमान में भाजपा के पूर्व मंत्री नबा कुमार डोले का कब्जा है।

हाफलोंग सीट के लिए भाजपा की कैबिनेट मंत्री नंदिता गारलोसा की कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में उम्मीदवारी स्वीकार कर ली गई है। गोरलोसा रविवार रात को विपक्षी दल में शामिल हुईं और अगले ही दिन उन्होंने अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया।

नामाकांन पत्र खारिज किए जाने के पीछे के कारणों का उल्लेख निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर नहीं किया गया है।

अब तक जिन उम्मीदवारों के नामांकन खारिज किए जा चुके हैं, उनमें झारखंड मुक्ति मोर्चा और वोटर्स पार्टी इंटरनेशनल के तीन-तीन उम्मीदवार, एसयूसीआई (कम्युनिस्ट) और अपनी जनता पार्टी का एक-एक उम्मीदवार तथा आठ निर्दलीय उम्मीदवार शामिल हैं।

राज्य विधानसभा के 126 सदस्यों के लिए 815 से अधिक उम्मीदवारों ने कुल 1389 नामांकन पत्र दाखिल किए, जिनमें से कई उम्मीदवारों ने एक से अधिक सेट में नामांकन पत्र दाखिल किए। चुनाव नौ अप्रैल को होंगे और वोटों की गिनती चार मई को होगी।

उम्मीदवारी वापस लेने की अंतिम तिथि 26 मार्च है।

भाषा

राखी सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments