नोएडा, 28 फरवरी (भाषा) नोएडा पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिए विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 100 से अधिक लोगों से 70 लाख रुपये से ज्यादा की ठगी करने के आरोप में दो व्यक्तियों को शनिवार को गिरफ्तार किया। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने आरोपियों के पास से नौ भारतीय पासपोर्ट, चार मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, सात फर्जी नौकरी संबंधी पंपलेट, नौ नकली वीजा प्रिंटआउट, सात एयरलाइन टिकट प्रिंटआउट और 73,500 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, एक पीड़ित की शिकायत के आधार पर की गिरफ्तारी की गई, जिसने आरोप लगाया था कि विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर उससे करीब 1.5 लाख रुपये ठग लिए गए।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान नियाज अहमद (43) उर्फ अरमान और राजू शाह (33) के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि अहमद महाराजगंज का निवासी है और दिल्ली के जामिया नगर में रह रहा था, जबकि बिहार का सिवान निवासी शाह गुरुग्राम के मानेसर में रह रहा था।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (नोएडा) मनीषा सिंह ने बताया, “सेक्टर-126 थाना पुलिस ने शनिवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया, जो सोशल मीडिया के माध्यम से विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी करते थे।”
भाषा
राखी देवेंद्र
देवेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
