नोएडा, 28 नवंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्धनगर पुलिस ने शुक्रवार देर रात मुठभेड़ के बाद कथित रूप से गोकशी करने वाले एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा चलाई गई गोली उसके पैर में लगी है। अपर पुलिस उपायुक्त जोन (तृतीय) सुधीर कुमार ने बताया कि थाना जारचा पुलिस ग्राम खुर्शीदपुर के पास बैरियर लगाकर शुक्रवार देर रात को वाहनों की जांच कर रही थी, तभी मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्ति आते हुए दिखाई दिए और शक होने पर पुलिस ने उन्हें रूकने का इशारा किया, तो वे वहां से भागने लगे। उन्होंने बताया कि पीछा करके पुलिस ने दोनों बदमाशों को घेर लिया। कुमार के मुताबिक अपने आपको पुलिस से घिरा हुआ देख बदमाशों ने पुलिस दल पर कथित रूप से गोली चला दी। उन्होंने बताया कि जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई और पुलिस द्वारा चलाई गई गोली साजिद नामक बदमाश के पैर में लगी। कुमार ने बताया कि इसके पास से पुलिस ने देसी तमंचा, कारतूस, एक गंडासा, छुरा, रस्सी ,प्लास्टिक का कट्टा, मवेशियों को बेहोश करने वाला इंजेक्शन आदि बरामद किया है। उन्होंने बताया कि घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि इसका साथी शहजाद मौके से भाग गया है, उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किया जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि उक्त बदमाश पर पूर्व में गोकशी सहित विभिन्न धाराओं में 10 मुकदमे दर्ज हैं। भाषा सं.
नोमाननोमान
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
