scorecardresearch
Saturday, 28 February, 2026
होमदेशनोएडा: पुलिस मुठभेड़ के बाद गोकशी के आरोपी पांच बदमाश गिरफ्तार

नोएडा: पुलिस मुठभेड़ के बाद गोकशी के आरोपी पांच बदमाश गिरफ्तार

Text Size:

नोएडा, 28 फरवरी (भाषा) नोएडा पुलिस ने गोकशी के आरोपी पांच बदमाशों को शनिवार तड़के मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से गोकशी में इस्तेमाल हथियार, उपकरण एवं अन्य सामान बरामद किया है।

अपर पुलिस उपायुक्त जोन तृतीय सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि रबूपुरा थाने की पुलिस आज तड़के रोनीजा कट पर जांच कर रही थी तभी एक संदिग्ध ऑटो रिक्शा आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने ऑटो रिक्शा रुकने का इशारा किया तो बदमाश रुकने के बजाय वहां से भागने लगे।

सिंह ने बताया कि पुलिस ने पीछा करके ऑटो रिक्शा को घेर लिया। अपने आपको पुलिस से घिरा हुआ देख बदमाशों ने पुलिस पर गोली चलानी शुरू कर दी। उन्होंने बताया की जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें दिल्ली के ओखला का निवासी सैयद अमीन (35), हरियाणा के मेवात का निवासी गोरामिया (32) पैर में गोली लगने से घायल हो गया।

अपर पुलिस उपायुक्त ने बताया कि इन दोनों के पास से पुलिस ने दो देसी तमंचे, कारतूस बरामद किए हैं। घायल बदमाशों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

उन्होंने बताया कि दोनों बदमाशों से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने अन्य बदमाशों की तलाश में धर पकड़ शुरू की और उनके तीन साथियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से गोकशी में इस्तेमाल होने वाला ऑटो रिक्शा, गोवध के लिए रखे हुए उपकरण, चाकू, सीरींज, इंजेक्शन, आरी, लोहे का नुकीला सरिया, दो मोहरे, रस्सी का टुकड़ा, चार खाली प्लास्टिक के कट्टे बरामद किए हैं।

गिरफ्तार अन्य तीन बदमाशों की पहचान हरियाणा के नूह निवासी मुन्सर (24) और मोहम्मद बिलाल (23) तथा दिल्ली के कालिंदी कुंज निवासी पुष्पेंद्र कुमार (24) के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि इन बदमाशों के खिलाफ राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के कई थानों में गोवध के मामले दर्ज हैं।

अधिकारी ने बताया कि 26 फरवरी को थाना रबूपुरा क्षेत्र में गोवंश मिला था। इस मामले में यही बदमाश शामिल थे, जो वांछित थे।

भाषा सं शोभना सुरभि

सुरभि

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments