scorecardresearch
Wednesday, 1 April, 2026
होमदेशभाजपा विधायकों का निलंबन रद्द करने के लिए कोई नया प्रस्ताव नहीं मिला : पश्चिम बंगाल विधानसभा अध्यक्ष

भाजपा विधायकों का निलंबन रद्द करने के लिए कोई नया प्रस्ताव नहीं मिला : पश्चिम बंगाल विधानसभा अध्यक्ष

Text Size:

कोलकाता, 14 जून (भाषा) पश्चिम बंगाल विधानसभा के अध्यक्ष बिमान बंदोपाध्याय ने मंगलवार को कहा कि उन्हें भाजपा के सात विधायकों के निलंबन को रद्द करने के लिए पार्टी की ओर से कोई नया प्रस्ताव नहीं मिला है, क्योंकि पार्टी द्वारा सौंपे गए पिछले प्रस्ताव में कुछ ‘‘तकनीकी खामियां’’ थीं।

बंदोपाध्याय ने यह टिप्पणी तब की, जब भाजपा विधायकों ने उन्हें पार्टी के सात सहयोगियों के निलंबन का हवाला दिया और शुरुआती कार्यवाही के दौरान इसे रद्द करने की मांग की।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘मैंने आपकी पार्टी द्वारा पेश किए गए प्रस्ताव में कुछ तकनीकी खामियां बताई थीं। मैंने आपके निलंबित सहयोगियों से इसे ठीक करने और इसे नए सिरे से जमा करने का अनुरोध किया था। मुझे अभी तक कोई नया प्रस्ताव नहीं मिला है।’’

निलंबित विधायकों के अदालत जाने की खबरों का हवाला देते हुए बंदोपाध्याय ने कहा कि एक स्वतंत्र देश में कोई भी किसी भी एजेंसी से संपर्क कर सकता है।

नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को विधानसभा के बाहर संवाददाताओं से कहा था कि वे कोई नया प्रस्ताव जमा नहीं करेंगे और इसकी जगह इस मुद्दे पर अदालत के निर्देश का इंतजार करेंगे। शुभेंदु अधिकारी भी निलंबित विधायकों में शामिल हैं।

विधानसभा में 28 मार्च को सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के विधायक भिड़ गए थे, जिसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ने पांच विधायकों को निलंबित कर दिया था।

इससे पहले सदन में राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान भाजपा के दो विधायकों को उनके आचरण के चलते निलंबित कर दिया गया था।

भाषा

शफीक दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments