नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने मंगलवार को संसद को बताया कि वर्ष 2017 से 2023 के बीच देश में कुल 1,050 आतंकी हमले या घटनाएं दर्ज की गईं, जिनमें कई नागरिकों और सुरक्षाकर्मियों की जान गई.
लोकसभा में पूछे गए एक सवाल के लिखित जवाब में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने यह जानकारी दी.
मंत्री ने बताया कि इस अवधि के दौरान आतंकी घटनाओं में 243 नागरिकों की मौत हुई, जबकि 599 नागरिक घायल हुए.
उन्होंने कहा कि इसी अवधि में 288 सुरक्षाकर्मियों ने अपनी जान गंवाई और 802 सुरक्षाकर्मी घायल हुए.
राय ने यह भी बताया कि 2017 से 2023 के बीच 687 आतंकियों को मार गिराया गया, जबकि 616 आतंकियों को गिरफ्तार किया गया.
यह जवाब काकोली घोष दस्तीदार द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में दिया गया था. उन्होंने देश में हुई आतंकी घटनाओं का ब्योरा मांगा था, जिसमें नागरिकों और सुरक्षाकर्मियों के मारे जाने या घायल होने की संख्या, आतंकियों के मारे जाने या गिरफ्तार होने के आंकड़े और ऐसे मामलों की जानकारी भी शामिल थी जिनमें कोई आतंकी पकड़ा या मारा नहीं गया.
अपने जवाब में मंत्री ने लिखा कि संविधान की सातवीं अनुसूची के अनुसार ‘पुलिस’ और ‘लोक व्यवस्था’ राज्य का विषय है. हालांकि, एनसीआरबी पूरे देश के अपराध संबंधी आंकड़ों को संकलित करता है और उन्हें अपनी वार्षिक रिपोर्ट ‘क्राइम इन इंडिया’ में प्रकाशित करता है.
उन्होंने बताया कि यह रिपोर्ट 2017 से प्रकाशित की जा रही है और फिलहाल उपलब्ध नवीनतम आंकड़े वर्ष 2023 तक के हैं.
गृह मंत्रालय के अनुसार ये आंकड़े एनसीआरबी की ‘क्राइम इन इंडिया’ रिपोर्ट से लिए गए हैं, जिसमें हर साल देशभर के अपराध के आंकड़े संकलित कर प्रकाशित किए जाते हैं.
