scorecardresearch
Thursday, 5 March, 2026
होमदेशराज्यसभा के लिए नीतीश के पोस्ट का मसौदा ‘दिल्ली दरबार’ में लिखा गया था: मनोज झा

राज्यसभा के लिए नीतीश के पोस्ट का मसौदा ‘दिल्ली दरबार’ में लिखा गया था: मनोज झा

Text Size:

नयी दिल्ली, पांच मार्च (भाषा) राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सांसद मनोज झा ने नीतीश कुमार के राज्यसभा चुनाव लड़ने की घोषणा पर बृहस्पतिवार को तंज कसते हुए कहा कि जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के नेता द्वारा ‘एक्स’ पर किये गये पोस्ट का मसौदा ‘दिल्ली दरबार’ में तैयार किया गया प्रतीत होता है।

नीतीश द्वारा राज्यसभा चुनाव लड़ने की घोषणा के साथ ही बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में उनका कार्यकाल समाप्त हो गया।

राजद के राज्यसभा सदस्य झा ने यह भी कहा कि बिहार की जनता नीतीश के इस कदम का जवाब देगी।

झा ने ‘पीटीआई-वीडियो’ से कहा, “उस पोस्ट को पढ़ने के बाद मैं विश्वासपूर्वक कह ​​सकता हूं कि यह उन्होंने नहीं लिखा है। यह पोस्ट दिल्ली में तैयार किया गया है। अगर आप बिहार के किसी 10 साल के बच्चे से भी इस पोस्ट के बारे में पूछेंगे, तो वह ‘दिल्ली दरबार’ की ओर इशारा करेगा।”

राजद नेता ने कहा कि जदयू के ‘कट्टर समर्थक’ इस कदम से ‘आहत’ हैं।

झा ने कहा, “मैंने पहले भी कहा था, यह अंत नहीं है। जदयू के कट्टर समर्थक इस फैसले से आहत हैं। उन्होंने (भाजपा ने)‘शिंदे मॉडल’ को नए सिरे से पेश किया है… लेकिन बिहार अलग है।”

नीतीश कुमार और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन सहित राजग के पांच उम्मीदवारों ने बृहस्पतिवार को राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल किया।

राजग के अन्य उम्मीदवारों में बिहार में भाजपा के प्रदेश महासचिव शिवेश कुमार, जदयू के राम नाथ ठाकुर और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोम) के उपेंद्र कुशवाहा शामिल हैं।

बिहार में राज्यसभा की पांच सीट के लिए चुनाव की घोषणा हो चुकी है और राज्य विधानसभा में सीट संख्या को देखते हुए राजग उम्मीदवारों की जीत निश्चित है।

भाषा जितेंद्र नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments