scorecardresearch
रविवार, 20 अप्रैल, 2025
होमदेशमणिपुर में प्रतिबंधित संगठनों के नौ सदस्य गिरफ्तार

मणिपुर में प्रतिबंधित संगठनों के नौ सदस्य गिरफ्तार

Text Size:

इंफाल, 20 अप्रैल (भाषा) मणिपुर के इंफाल घाटी के कई जिलों से पिछले 48 घंटों में कई प्रतिबंधित संगठनों के नौ सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

प्रतिबंधित संगठन यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट (पाम्बेई) के दो कार्यकर्ताओं को शनिवार को इंफाल पूर्व जिले के नोंगदम गांव के पास नापेटपल्ली एंड्रो रोड से गिरफ्तार किया गया।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि वे कथित तौर पर जबरन वसूली में संलिप्त थे।

उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों ने शुक्रवार को बिष्णुपुर जिले के निंगथौखोंग वार्ड नंबर 13 से प्रतिबंधित संगठन कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (ताइबांगनबा) के एक सदस्य को गिरफ्तार किया।

अधिकारी ने बताया कि प्रतिबंधित केसीपी (एमएफएल) के दो सदस्यों को उसी दिन इंफाल पश्चिम जिले के सलाम ममांग लेईकाई केतुकी लम्पक से गिरफ्तार किया गया था। उन्होंने बताया कि वे जबरन वसूली में भी कथित रूप से शामिल थे।

उन्होंने बताया कि राज्य पुलिस ने शुक्रवार को इंफाल पूर्वी जिले के क्यामगेई हेइबोंग माखोंग इलाके से प्रतिबंधित संगठन प्रेपक (पीआरओ) के एक कार्यकर्ता को गिरफ्तार किया।

प्रतिबंधित संगठन कांगलेई यावोल कन्ना लूप (केवाईकेएल) के एक कार्यकर्ता को इंफाल पूर्व जिले से हिरासत में लिया गया।

यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी ऑफ कांगलीपाक (यूपीपीके) के एक सदस्य को भी शुक्रवार को इंफाल पूर्व जिले से गिरफ्तार किया गया।

प्रतिबंधित संगठन प्रेपक के एक अन्य सक्रिय सदस्य को भी शुक्रवार को इंफाल पूर्व जिले के संजेनबाम शांगशाबी गांव से गिरफ्तार किया गया।

मई 2023 में जातीय हिंसा भड़कने के बाद से मणिपुर पुलिस और कई अन्य सुरक्षा बल पूरे राज्य में तलाशी अभियान संचालित कर रहे हैं।

भाषा प्रशांत शोभना

शोभना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments