बलरामपुर (उत्तर प्रदेश), 28 जून (भाषा) बलरामपुर जिले के हरैय्या क्षेत्र में रविवार को हुए कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में मंगलवार को पीड़ित नेपाली किशोरियों को अदालत में पेश कर उनके बयान दर्ज कराये गये।
अपर पुलिस अधीक्षक नम्रता श्रीवास्तव ने बताया कि कथित बलात्कार पीड़ित दो किशोरियों को विशेष पाक्सो अदालत में पेश किया गया, जहाँ उनके बयान दर्ज किये गये। इस दौरान हरैय्या थाने की पुलिस के साथ-साथ नेपाल की पुलिस भी मौजूद रही।
गौरतलब है कि नेपाल के दांग जिले की ये दो किशोरियां सीमावर्ती क्षेत्र मणिपुर के साप्ताहिक बाजार में सामान लेने आ रही थीं तभी बलरामपुर के हरैय्या क्षेत्र स्थित जंगल में चार लोगों ने उनके साथ कथित रूप से सामूहिक दुष्कर्म किया। किशोरियों ने वापस अपने घर जाकर परिजनों से पूरी घटना बताई।
परिजन नेपाल पुलिस के पास गए और नेपाल पुलिस दोनों किशोरियों को लेकर हरैय्या थाने पहुँची थी। हरैय्या पुलिस ने चारों आरोपियों रामचंद्र, राजेंद्र, राकेश और पिंटू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।
भाषा सं सलीम राजकुमार
राजकुमार
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
