नयी दिल्ली, दो जनवरी (भाषा) केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि चीन, हांगकांग, जापान, दक्षिण कोरिया, सिंगापुर और थाइलैंड से भारत के किसी हवाई अड्डे पर पहुंच रहे यात्रियों के लिए कोविड की निगेटिव रिपोर्ट अनिवार्य है, भले ही उन्होंने मूल रूप से किसी भी देश से यात्रा शुरू की हो।
केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने सोमवार को राज्यों को लिखे पत्र में कहा कि कुछ देशों, विशेष रूप से चीन, सिंगापुर, हांगकांग, कोरिया गणराज्य, थाइलैंड और जापान में कोविड-19 के मामले बढ़ने के संदर्भ में दिशानिर्देशों में बदलाव किया गया है जो एक जनवरी से प्रभाव में आये हैं।
इसके अनुसार भारत में इस साल के पहले दिन से चीन, हांगकांग, जापान, दक्षिण कोरिया, सिंगापुर और थाइलैंड से पहुंचने वाले यात्रियों के लिए आरटी-पीसीआर जांच की रिपोर्ट अनिवार्य है जिसमें उन्हें संक्रमण नहीं होने की पुष्टि हो।
दिशानिर्देशों के अनुसार जांच भारत की यात्रा शुरू करने के समय से 72 घंटे से पहले की नहीं होनी चाहिए और आरटी-पीसीआर जांच की निगेटिव रिपोर्ट प्रस्थान से पहले एयर सुविधा पोर्टल पर अपलोड करनी होगी।
भूषण ने पत्र में कहा, ‘‘यह उन यात्रियों के लिए लागू होगा जो इन देशों (जिनका उल्लेख है) से आ रहे हैं, भले ही उनकी यात्रा किसी भी देश से शुरू हुई हो।’’
दिशानिर्देश के अनुसार नागर विमानन मंत्रालय के एयर सुविधा पोर्टल को इन देशों से आने वाली सभी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के यात्रियों के लिए परिचालन में रखना होगा ताकि वे इस पोर्टल पर अपनी निगेटिव आरटी-पीसीआर जांच रिपोर्ट और स्व-घोषणापत्र जमा कर सकें।
पत्र के अनुसार, ‘‘यह व्यवस्था एक जनवरी, 2023, रविवार को सुबह 10 बजे से प्रभाव में रहेगी।’’
इसमें कहा गया है कि हवाई अड्डों पर आगमन पर दो प्रतिशत यात्रियों की जांच की मौजूदा व्यवस्था जारी रहेगी।
भाषा
वैभव अविनाश
अविनाश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
