(तस्वीरों के साथ)
चेन्नई, 11 अप्रैल (भाषा) दिवंगत मुख्यमंत्री जे जयललिता के निधन के बाद ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) में हाशिये पर डाले जाने के बाद नयनार नागेंद्रन ने 2017 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया था और अब वह केंद्र की सत्तारूढ़ पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने जा रहे हैं।
वह हिंदुत्व के संबंध में अपने कट्टर विचारों के लिए भी जाने जाते हैं।
राजनीतिक अनुभव के मामले में संपन्न नागेंद्रन (64) भाजपा की तमिलनाडु इकाई के तेरहवें अध्यक्ष होंगे। नागेंद्रन पर अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनावों में पार्टी के बेहतर प्रदर्शन की बड़ी जिम्मेदारी होगी।
चुनावी राजनीति के मंझे हुए खिलाड़ी माने जाने वाले नागेंद्रन, जयललिता मंत्रिमंडल में राज्य मंत्री रह चुके हैं। पूर्व आईपीएस अधिकारी के अन्नामलाई के बाद पार्टी प्रमुख के रूप में उनका उदय, भाजपा द्वारा अन्नाद्रमुक को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शामिल करने के लिए एक रणनीतिक कदम के रूप में देखा जा रहा है, ताकि राज्य में सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) को एक संयुक्त ताकत के रूप में चुनौती दी जा सके।
मौजूदा विधानसभा में तिरुनेलवेली क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे नागेंद्रन का जन्म कन्याकुमारी जिले के वदिवेस्वरम में हुआ था। अन्नाद्रमुक में दरकिनार किए जाने के बाद वह 2017 में पार्टी नेता अमित शाह की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हुए और बाद में उन्हें पार्टी की राज्य इकाई का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया।
नागेंद्रन ने 2001, 2011 और 2021 के विधानसभा चुनावों में तीन बार तिरुनेलवेली से जीत हासिल की जिसमें से दो बार वह अन्नाद्रमुक के टिकट पर विधायक बने जबकि 2021 में भाजपा के चुनाव चिह्न पर सदन में पहुंचे। उन्होंने 2006 और 2016 के विधानसभा चुनाव और 2019 और 2024 में लोकसभा चुनाव भी तिरुनेलवेली से लड़ा, लेकिन असफलता हाथ लगी।
नागेंद्रन ने 2018 में एक विवाद खड़ा कर दिया था जब उन्होंने देवी अंदाल पर विवादास्पद टिप्पणी करने वाले तमिल गीतकार वैरामुथु की जीभ काटने वाले को 10 करोड़ रुपये का इनाम देने की घोषणा की थी। उन्होंने हिंदू धर्म के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी करने वालों को गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी थी।
नागेंद्रन को हिंदू मुन्नानी के उपाध्यक्ष वी. सी. जयबालन के साथ कथित घृणास्पद भाषण के लिए गिरफ्तार किया गया था।
तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष चुनाव के लिए उनके नामांकन का प्रस्ताव निवर्तमान अध्यक्ष अन्नामलाई सहित दस वरिष्ठ पदाधिकारियों ने रखा था।
भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने पीटीआई-भाषा को बताया, ‘‘उन्हें (नागेंद्रन को) उनके अनुभव के कारण भाजपा विधायक दल का नेता बनाया गया था। अब उन्हें अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी को जीत दिलाने के लिए बड़ी भूमिका सौंपी गई है।’’
नागेंद्रन ने खुद स्वीकार किया कि उन्होंने पार्टी अध्यक्ष का चुनाव लड़ा, क्योंकि दस नेताओं ने उनके नामांकन का समर्थन किया था। उन्होंने कहा, ‘‘मैं उन सभी का और हमारे (केंद्रीय) नेताओं का शुक्रिया अदा करता हूं।’’
भाषा धीरज अविनाश
अविनाश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.