कुरुक्षेत्र, 28 अक्टूबर (भाषा) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को यहां पेहवा में संत सम्मेलन में भाग लिया।
यह सम्मेलन कुरुक्षेत्र के पेहवा में डेरा सिद्ध बाबा गरीब नाथ मठ सरस्वती तीर्थ द्वारा आयोजित किया गया। उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए सैनी ने कहा कि राज्य सरकार हरियाणा की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
सैनी ने राज्य की सांस्कृतिक विरासत पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में अयोध्या में भगवान राम का भव्य मंदिर बनकर तैयार हो गया है। सैनी ने कहा कि हरियाणा में संत-महापुरुष विचार सम्मान एवं प्रसार योजना के तहत राज्य स्तर पर संतों एवं पूज्य व्यक्तियों की जयंती एवं पुण्यतिथि मनाई जाती है।
हरियाणा के मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान कृष्ण की पवित्र भूमि, जहां गीता की शिक्षा दी गई थी, को धार्मिक पर्यटन के केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।
सैनी ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश में ‘जंगल राज’ कायम था जिसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाप्त किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश विशेष रूप से महिलाओं के लिए सुरक्षित हो गया है।
इस अवसर पर आदित्यनाथ ने कहा कि विकास तभी सार्थक है जब विरासत को संरक्षित किया जाए। उन्होंने संस्कृति और विरासत को संरक्षित करने तथा 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के लिए मिलकर काम करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने हरियाणा की जनता को तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने के लिए बधाई दी। आदित्यनाथ ने अच्छे नेताओं के चुनाव के सकारात्मक प्रभाव पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हरियाणा ने नायब सिंह सैनी को फिर से चुनकर इसका उदाहरण पेश किया है। उन्होंने कहा कि निस्वार्थ भाव से काम करते हुए केंद्र और राज्यों की भाजपा नीत सरकार समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि प्रयागराज में 13 जनवरी से 26 फरवरी तक महाकुंभ का आयोजन किया जाएगा। आदित्यनाथ ने कहा कि हरियाणा सरकार सरस्वती नदी को पुनर्जीवित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि इस प्रयास के लिए संतों और जनता की सामूहिक जिम्मेदारी भी आवश्यक है।
इससे पहले डेरा सिद्ध बाबा गरीब नाथ मठ के महंत पीर योगी शेरनाथ ने अतिथियों का स्वागत किया तथा उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
भाषा आशीष माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.