scorecardresearch
रविवार, 11 मई, 2025
होमदेशबिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन फिर सत्ता में लौटेगा: गिरिराज

बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन फिर सत्ता में लौटेगा: गिरिराज

Text Size:

नयी दिल्ली, 12 फरवरी (भाषा) केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बुधवार को विश्वास जताया कि बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) फिर से सत्ता में लौटेगा। बिहार में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं।

सिंह बिहार की बेगूसराय लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), जनता दल (यूनाईटेड), लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा बिहार में राजग के घटक हैं।

केंद्रीय कपड़ा मंत्री सिंह ने कहा, ‘‘बिहार में राजग की सरकार है और राजग की सरकार ही बनेगी।’’

सिंह ग्रेटर नोएडा में ‘इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट’ में कपड़ा प्रौद्योगिकी, डाइंग, रसायन और हस्तशिल्प कार्यक्रमों का उद्घाटन करने के बाद संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे।

ये कार्यक्रम ‘भारत टेक्स’ के तहत आयोजित किए जा रहे हैं।

सिंह ने कहा कि ‘भारत टेक्स’ में 6,000 विदेशी खरीदार भाग ले रहे हैं, जो दुनिया का सबसे बड़ा कपड़ा मेला है।

भारत मंडपम में शुक्रवार से सोमवार तक 5,000 से अधिक प्रदर्शकों के साथ एक मेगा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

भारत मंडपम में होने वाले कार्यक्रम में 110 से अधिक देशों के खरीदारों और नीति निर्माताओं, वैश्विक सीईओ और उद्योगपतियों सहित 1,20,000 से अधिक लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।

सिंह ने बाद में सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आज ग्रेटर नोएडा एक्सपो सेंटर में ‘भारत टेक्स’ के अंतर्गत हस्तशिल्प, डाइंग, केमिकल्स और गारमेंट मशीनरी एक्सपो का उद्घाटन किया। यह सिर्फ एक एक्सपो नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत की ओर एक बड़ा कदम है!’’

उन्होंने कहा, ‘‘भारतीय वस्त्र उद्योग की समृद्ध विरासत और आधुनिक तकनीक का संगम हमें वसुधैव कुटुंबकम् की भावना के साथ वैश्विक मंच पर नयी ऊंचाइयों तक ले जाएगा। मेड इन इंडिया, मेड फॉर द वर्ल्ड!’’

भाषा ब्रजेन्द्र

ब्रजेन्द्र अविनाश

अविनाश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments