नासिक, पांच मार्च (भाषा) महाराष्ट्र समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित नासिक के इगतपुरी स्थित एक छात्रावास में रहने वाले कक्षा 10 के सात छात्रों के खिलाफ कुछ कनिष्ठ छात्रों का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि छात्रावास के अधीक्षक के खिलाफ यौन उत्पीड़न से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह मामला तीन मार्च को इगतपुरी पुलिस थाने में दर्ज किया गया था।
जिलाधिकारी आयुष प्रसाद ने कहा, ‘‘कक्षा 10 के सात छात्रों और छात्रावास अधीक्षक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, जबकि बाल कल्याण समिति द्वारा जांच की जा रही है।’’
सूत्रों के अनुसार, इन सात छात्रों पर उसी छात्रावास में रहने वाले कक्षा पांच से सात तक के छात्रों को बेहोशी की दवा देकर उनके साथ अप्राकृतिक यौन संबंध बनाने का आरोप है।
एक अधिकारी ने कहा, ‘‘पिछले सात महीनों से यह अत्याचार जारी था, लेकिन डर के मारे कोई शिकायत करने नहीं आया था। हालांकि, हमें पता चला कि पीड़ितों ने छात्रावास अधीक्षक सुशांत दुधसागरे को इसकी सूचना दी थी, जिन्होंने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया। इसलिए उन्हें भी इस मामले में नामजद किया गया है।’’
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि सातों छात्रों को सुधारगृह भेज दिया गया है।
भाषा संतोष माधव
माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
