scorecardresearch
Friday, 27 March, 2026
होमदेशविधानसभा चुनाव के बाद ईंधन के दाम बढ़ा सकती है नरेन्द्र मोदी सरकार: अभिषेक बनर्जी

विधानसभा चुनाव के बाद ईंधन के दाम बढ़ा सकती है नरेन्द्र मोदी सरकार: अभिषेक बनर्जी

Text Size:

(फोटो के साथ)

कोलकाता, 27 मार्च (भाषा) तृणमूल कांग्रेस के नेता अभिषेक बनर्जी ने शुक्रवार को कहा कि इस बात की काफी हद तक संभावना है कि 29 अप्रैल को विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार रसोई गैस और परिवहन ईंधन की कीमतें बढ़ा सकती है।

झारग्राम जिले के बिनपुर विधानसभा क्षेत्र में तृणमूल उम्मीदवार बिरबाहा हंसदा के लिए चुनाव प्रचार करते हुए बनर्जी ने नरेन्द्र मोदी सरकार पर पश्चिम बंगाल में बढ़ते ईंधन संकट को संभालने के लिए आवश्यक कदम नहीं उठाने का आरोप लगाया।

तृणमूल महासचिव बनर्जी ने मोदी और उनके मंत्रियों को चुनौती दी कि वे अपने चुनावी सभाओं में यह वादा करें कि अगले पांच साल तक एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की कीमतें नहीं बढ़ेंगी।

डायमंड हार्बर के सांसद बनर्जी ने कहा, “ यकीन मानिए, वे (भाजपा के नेता) ऐसा कोई वादा नहीं करेंगे। मेरे शब्द लिखकर ले लीजिए कि चुनाव खत्म होने के बाद 30 अप्रैल को घरेलू एलपीजी की कीमत 2,000 रुपये और पेट्रोल-डीजल 200 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ सकती है।”

बनर्जी ने भाजपा पर यह अफवाह फैलाने का आरोप लगाया कि अगर तृणमूल कांग्रेस चौथी बार सत्ता में लौटती है तो ममता बनर्जी सरकार महिलाओं की वित्तीय सहायता योजना ‘लक्ष्मीर भंडार’ को बंद कर देगी।

उन्होंने कहा, ‘‘ हम योजनाएं वापस नहीं, जारी रखेंगे।’’

पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में चुनाव होंगे तथा मतों की गिनती चार मई को होगी।

भाषा जोहेब राजकुमार

राजकुमार

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments