scorecardresearch
Tuesday, 26 August, 2025
होमदेशनांदेड़-मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस मराठवाड़ा की समृद्धि का प्रवेश द्वार: फडणवीस

नांदेड़-मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस मराठवाड़ा की समृद्धि का प्रवेश द्वार: फडणवीस

Text Size:

मुंबई, 26 अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को नांदेड़ से मुंबई के बीच वंदे भारत ट्रेन सेवा की हरी झंडी दिखाकर शुरुआत की और इस ट्रेन को मराठवाड़ा क्षेत्र की समृद्धि का प्रवेश द्वार करार दिया।

मुख्यमंत्री ने मुंबई स्थित राज्य सचिवालय ‘मंत्रालय’ से वीडियो कांफ्रेंस के जरिए ट्रेन को हरी झंडी दिखाई, जबकि नांदेड़ रेलवे स्टेशन पर एक औपचारिक कार्यक्रम आयोजित किया गया।

फडणवीस ने सिख समुदाय के लिए एक प्रमुख तीर्थस्थल के रूप में नांदेड़ के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि नई सेवा श्रद्धालुओं और अन्य यात्रियों को तीव्र, आरामदायक और सुरक्षित यात्रा की सुविधा देगी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मराठवाड़ा के पिछड़ेपन को दूर करने के लिए प्राथमिकता के आधार पर आधुनिक संपर्क को सुदृढ़ करने का प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘वंदे भारत के जरिये नांदेड़, राज्य की राजधानी मुंबई के करीब आ गया है, जिससे क्षेत्र के लिए समृद्धि के द्वार खुल गए हैं।’’

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे में बड़े पैमाने पर बदलाव हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, ‘‘आधुनिक सुविधाओं से लैस, विकसित देशों की रेलगाड़ियों के समकक्ष स्वदेश निर्मित वंदे भारत रेलगाड़ियां इस प्रगति का प्रतीक हैं।’’

पहले मुंबई से जालना तक वंदे भारत एक्सप्रेस का परिचालन किया जाता था जिसका विस्तार अब नांदेड़ तक किया गया है। इस ट्रेन की यात्री क्षमता भी 500 यात्रियों से बढ़ाकर 1,440 यात्री कर दी गई है। अब इसमें डिब्बों की संख्या आठ के बजाय 20 होंगी।

भाषा

धीरज मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments