scorecardresearch
Sunday, 29 September, 2024
होमदेशनड्डा ने 13 विदेशी राजनयिकों को शून्य से शिखर तक की भाजपा की यात्रा से कराया अवगत

नड्डा ने 13 विदेशी राजनयिकों को शून्य से शिखर तक की भाजपा की यात्रा से कराया अवगत

Text Size:

नयी दिल्ली, छह अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी के  अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने बुधवार को “भाजपा को जानिये” अभियान के पहले चरण के तहत यूरोपियन यूनियन सहित 13 देशों के राजनयिकों के साथ संवाद किया और उन्हें देश की सत्तारूढ़ पार्टी के इतिहास के साथ-साथ उसके संगठन की विशेषताओं के बारे में विस्तार से अवगत कराया।

इस संवाद कार्यक्रम का आयोजन राजधानी दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में किया गया। इसमें फ्रांस, यूरोपीय संघ, हंगरी, पुर्तगाल, स्विटजरलैंड, पोलैंड, रोमानिया और बांग्लादेश सहित 13 देशों के राजनयिकों ने हिस्सा लिया।

‘भाजपा को जानिए’ कार्यक्रम का उद्देश्य दुनिया को भाजपा की विचारधारा, उसके सिद्धांतों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विगत लगभग आठ वर्षों से देश में हुए विकास के कामकाज के बारे में जानकारी देना है।

पार्टी की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक एक डॉक्यूमेंट्री के माध्यम सभी राजनयिकों को भाजपा के इतिहास की जानकारी दी गई।

इसके बाद नड्डा ने भाजपा के संगठन, पार्टी की विचारधारा, पार्टी के सिद्धांतों, पार्टी के चुनावी इतिहास और पार्टी के विजन के बारे में राजनयिकों से विस्तार से चर्चा की।

राजनयिकों को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा, ‘शून्य से शिखर की भाजपा की यात्रा कई पड़ावों से होकर गुजरी है। आज भाजपा की स्थापना के 42 वर्ष पूरे हो रहे हैं लेकिन भाजपा की यह विकास यात्रा 1951 से ही भारतीय जन संघ के रूप में शुरू हो गई थी।’ उन्होंने कहा कि तब से भाजपा ने कभी अपने सिद्धांत और विचारधारा से समझौता नहीं किया।

उन्होंने कहा, ‘हम सांस्कृतिक राष्ट्रवाद, एकात्म मानववाद और अंत्योदय के आधार पर एक नए भारतवर्ष का निर्माण करने को प्रतिबद्ध हैं। हमारे अब तक के सभी कार्यक्रम, आंदोलन, हमारी सरकार की नीतियां और योजनायें इसी दिशा में लक्ष्य की प्राप्ति के लिए रहे हैं।’

बयान के मुताबिक नड्डा ने राजनयिकों के प्रश्नों के जवाब भी दिए। 

भाजपा के विदेश मामलों के प्रभारी विजय चौथाईवाले ने कार्यक्रम में विदेशी राजनयिकों का स्वागत किया वहीं पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजयंत जय पांडा ने स्वागत भाषण देते हुए पार्टी की विचारधारा और पार्टी के विस्तार के बारे में चर्चा की।

 इसके पश्चात् 1951 से लेकर अब तक की भारतीय जनता पार्टी की विकास यात्रा के बारे में एक डॉक्यूमेंट्री दिखाई गई।

भाषा ब्रजेद्र नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments