scorecardresearch
Thursday, 19 March, 2026
होमदेशराष्ट्रपति चुनाव में समर्थन के लिए पश्चिम बंगाल में भाजपा के सांसदों एवं विधायकों से मिलेंगी मुर्मू

राष्ट्रपति चुनाव में समर्थन के लिए पश्चिम बंगाल में भाजपा के सांसदों एवं विधायकों से मिलेंगी मुर्मू

Text Size:

कोलकाता, आठ जुलाई (भाषा) राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की ओर से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रोपदी मुर्मू शनिवार को कोलकाता जाकर पश्चिम बंगाल से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसदों और विधायकों से मुलाकात करेंगी तथा देश के प्रथम नागरिक के चयन के लिए 18 जुलाई को होने वाले चुनाव में उनका समर्थन मांगेंगी।

सांसदों और विधायकों का समर्थन प्राप्त करने के लिए मूर्मु विभिन्न राज्यों का दौरा कर रही हैं और इस समय वह अपने गृह राज्य ओडिशा में प्रचार कर रही हैं।

भाजपा सूत्रों ने बताया कि वह शनिवार को पूर्वाह्न 10 बजे कोलकाता पहुंचेगी।

भाजपा के एक नेता ने कहा, ‘‘बाद में वह दिन में न्यू टाउन इलाके के एक होटल में भाजपा के सांसदों एवं विधायकों से मुलाकात करेंगी।’’

उन्होंने कहा कि बहरहाल, उनकी विधानसभा जाने या मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से मुलाकात करने की अभी कोई योजना नहीं है।

विधानसभा अध्यक्ष बिमान बनर्जी ने कहा कि उन्हें विधानसभा का दौरा करने की मुर्मू की किसी योजना के बारे में कोई जानकारी नहीं है।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पिछले सप्ताह कहा था कि अगर भाजपा ने राष्ट्रपति पद के लिए राजग की उम्मीदवार मुर्मू को चुनाव मैदान में उतारने से पहले विपक्ष के साथ चर्चा की होती, तो विपक्षी दल उनका समर्थन करने पर विचार कर सकते थे।

कांग्रेस और तृणमूल सहित विपक्षी दलों ने पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा को राष्ट्रपति चुनाव में संयुक्त उम्मीदवार के रूप में नामित किया है।

भाजपा के पास इस समय पश्चिम बंगाल से 17 लोकसभा सदस्य हैं। उनमें से भाजपा सांसद अर्जुन सिंह तृणमूल में शामिल हो गए हैं, लेकिन उन्होंने सांसद के रूप में अभी तक इस्तीफा नहीं दिया है।

राज्य विधानसभा में भाजपा के 75 विधायक हैं। हालांकि, उनमें से पांच तृणमूल में शामिल हो गए हैं, लेकिन उन्होंने अभी तक विधायक पद से इस्तीफा नहीं दिया है।

भाषा

सिम्मी पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments