scorecardresearch
मंगलवार, 6 मई, 2025
होमदेशमुंबई का पुलिस थाना निर्वासन की प्रतीक्षा कर रहे पाकिस्तानी नागरिक का घर बना

मुंबई का पुलिस थाना निर्वासन की प्रतीक्षा कर रहे पाकिस्तानी नागरिक का घर बना

Text Size:

मुंबई, 20 फरवरी (भाषा) दक्षिण मुंबई का एक पुलिस थाना पिछले चार महीनों से उस 65 वर्षीय पाकिस्तानी व्यक्ति का अस्थायी घर बना हुआ है जिसने भारत में अवैध प्रवेश के लिए मिली सजा काट ली है और अब निर्वासन का इंतजार कर रहा है।

कराची के कपड़ा व्यापारी नादिर मुनीर खान पिछले अक्टूबर से माता रमाबाई आंबेडकर (एमआरए) मार्ग पर स्थित पुलिस थाने के एक कमरे में रह रहे हैं।

वरिष्ठ निरीक्षक संतोष धनवते ने कहा कि निर्वासन तक वह पुलिस थाने से बाहर नहीं जा सकते।

पुलिस ने उन पर पाबंदी लगाने वाला आदेश जारी किया है जिसके तहत वह परिसर से बाहर कदम नहीं रख सकते हैं।

खान को 11 अप्रैल, 2024 को एमआरए मार्ग पुलिस थाने के अधिकारियों ने तब गिरफ्तार किया था, जब वह शहर के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस के पास संदिग्ध तरीके से घूमते पाए गए थे।

अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘खान ने पुलिस को बताया कि वह एक पाकिस्तानी नागरिक है, लेकिन उसके पास कोई वीजा और अन्य आवश्यक दस्तावेज नहीं थे। इसलिए पुलिस ने उसको विदेशी अधिनियम और पासपोर्ट अधिनियम के तहत भारत में अवैध प्रवेश के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।’’

अधिकारी ने कहा कि उसकी राष्ट्रीयता को देखते हुए पुलिस के अलावा इंटेलिजेंस ब्यूरो और रॉ (रिसर्च एंड एनालिसिस विंग) ने भी खान से पूछताछ की।

इसके बाद उस पर देश में अवैध रूप से रहने का मुकदमा चलाया गया और स्थानीय अदालत ने उसे छह महीने जेल की सजा सुनाई। उसे 11 अक्टूबर, 2024 को रिहा कर दिया गया।

जेल की सजा पूरी करने के बाद खान को फिर से एमआरए मार्ग पुलिस थाने भेज दिया गया, जहां वह अब निर्वासन का इंतजार कर रहा है।

अधिकारी ने कहा, ‘‘हमने पाकिस्तानी अधिकारियों से संपर्क किया है। हम उनके जवाब का इंतजार कर रहे हैं।’’

खान की ओर से पुलिस को दिए बयान के अनुसार, वह नेपाल के रास्ते भारत पहुंचा। वर्ष 2023 में वह एक व्यापारिक यात्रा पर काठमांडू गया। उसने पुलिस को बताया कि चमड़े की जैकेट का ऑर्डर देने वाले कुछ स्थानीय विक्रेताओं ने माल का भुगतान न करके उसके साथ धोखाधड़ी की।

जब उसने उनसे इस बारे में पूछा तो उसके साथ कथित तौर पर मारपीट की गई और पासपोर्ट तथा अन्य दस्तावेज उससे छीन लिए गए।

नेपाल के अधिकारियों ने उस पर निर्धारित समय से अधिक समय तक रुकने के लिए जुर्माना लगाया, जिसके बाद वह उत्तर प्रदेश के सोनौली ‘लैंड पोर्ट’ के माध्यम से भारत में प्रवेश कर गया। वहां से वह नई दिल्ली और फिर नवंबर 2023 में मुंबई पहुंचा।

भाषा संतोष मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments