मुंबई, आठ अप्रैल (भाषा) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) प्रमुख शरद पवार के घर के बाहर शुक्रवार को महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एसएसआरटीसी) के कर्मचारियों के विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस ने दक्षिण मुंबई के आजाद मैदान में धरने पर बैठे उनके साथियों से इलाका खाली करने का निर्देश दिया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
मुंबई पुलिस के कर्मियों ने लाउडस्पीकर का इस्तेमाल करते हुए प्रदर्शनकारी कर्मचारियों को तुरंत वहां से हटने लिए कहा। उन्होंने कहा कि ”विरोध प्रदर्शन की समयसीमा खत्म हो चुकी है।”
अधिकारियों ने कहा कि इनमें से कई कर्मचारी बृहस्पतिवार के बंबई उच्च न्यायालय के आदेश के बाद मैदान से चले गए, लेकिन एक समूह अब भी धरने पर बैठा है।
अधिकारियों ने कहा कि कई प्रदर्शनकारियों ने आजाद मैदान में पुलिस की घोषणा की अनदेखा कर दी और विरोध प्रदर्शन जारी रखा।
एमएसआरटीसी के कर्मचारी राज्य सरकार के साथ निगम के विलय की मांग को लेकर पिछले साल नवंबर से हड़ताल पर हैं। निगम के विलय से उनके वेतन में वृद्धि होगी और नौकरी को अधिक सुरक्षा मिलेगी। हालांकि, राज्य सरकार ने इस मांग को खारिज कर दिया है।
भाषा
जोहेब दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.