इंदौर (मध्यप्रदेश), चार नवंबर (भाषा) इंदौर में प्रशासन ने मिलावटखोरी के खिलाफ जारी अभियान के तहत मंगलवार को मोमो के एक अवैध संयंत्र को बंद करा दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई इस संयंत्र में बनाए जा रहे मोमो में तय स्वीकृत सीमा से ज्यादा मात्रा में अजीनोमोटो मिला होने के खुलासे के बाद की गई।
अजीनोमोटो को ‘मोनोसोडियम ग्लूटामेट (एमएसजी)’ भी कहा जाता है। यह व्यंजनों का स्वाद बढ़ाने वाला पदार्थ है।
अधिकारियों ने बताया कि शहर के खातीपुरा क्षेत्र में संचालित एक संयंत्र में बड़े पैमाने पर अलग-अलग तरह के मोमो बनाए जा रहे थे और ‘फास्टफूड’ के कई प्रतिष्ठानों को इनकी आपूर्ति की जा रही थी।
उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान इस परिसर में अजीनोमोटो का बड़ा भंडार मिला जिसे मोमो में तय स्वीकृत सीमा से अधिक मात्रा में मिलाया जा रहा था।
अधिकारियों ने बताया कि तय मात्रा से अधिक अजीनोमोटो का सेवन गर्भवती महिलाओं और 12 वर्ष से कम आयु के बच्चों के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है।
उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान संयंत्र के परिसर में गंदगी मिली और कच्चे माल का उचित भंडारण नहीं पाया गया।
अधिकारियों ने बताया कि संयंत्र के नाम कोई वैध लाइसेंस भी नहीं पाया गया जिसके बाद इस इकाई को अगले आदेश तक बंद करा दिया गया है।
उन्होंने बताया कि संयंत्र के खिलाफ प्रशासन की विस्तृत जांच जारी है।
भाषा हर्ष खारी
खारी
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
