नयी दिल्ली, 14 जून (भाषा) संसद के मॉनसून सत्र के 18 जुलाई से शुरू होने और 12 अगस्त को समाप्त होने की संभावना है। अट्ठारह जुलाई को ही राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव होना है।
राष्ट्रपति चुनाव के अलावा सत्र के दौरान उपराष्ट्रपति पद के लिए भी चुनाव प्रस्तावित है। उपराष्ट्रपति का कार्यकाल 10 अगस्त को समाप्त होगा। उपराष्ट्रपति राज्यसभा के सभापति भी हैं।
इस बार राज्यसभा के महासचिव राष्ट्रपति चुनाव के लिए निर्वाचन अधिकारी हैं जबकि लोकसभा के महासचिव उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए निर्वाचन अधिकारी होंगे। दोनों संवैधानिक पदों के लिए मतगणना सत्र के दौरान संसद में ही होगी।
आमतौर पर मॉनसून सत्र की शुरुआत जुलाई के तीसरे सप्ताह में होती है, जो अगस्त के दूसरे सप्ताह में इसका समापन होता है।
सूत्रों ने बताया कि संसदीय मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति ने मॉनसून सत्र 18 जुलाई से 12 अगस्त तक आयोजित किये जाने की सिफारिश की है।
संसदीय मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति विभिन्न सत्रों के लिए तारीखों की सिफारिश करती है।
भाषा शफीक दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
