scorecardresearch
Sunday, 15 February, 2026
होमदेशमोदी, शाह समेत कई नेताओं ने पुलवामा हमले में शहीद हुए सीआरपीएफ जवानों को श्रद्धांजलि दी

मोदी, शाह समेत कई नेताओं ने पुलवामा हमले में शहीद हुए सीआरपीएफ जवानों को श्रद्धांजलि दी

Text Size:

(फोटो के साथ)

नयी दिल्ली, 14 फरवरी (भाषा) जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में 2019 में आज ही के दिन हुए आतंकी हमले में शहीद हुए सीआरपीएफ जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि दुनिया ने देखा है कि सरकार ने सात साल पहले हुए हमले पर कैसे प्रतिक्रिया दी थी।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पुडुचेरी में एक रैली को संबोधित करते हुए आतंकवाद के खिलाफ ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ और इसके बाद ‘ऑपरेशन सिंदूर’ जैसी निर्णायक कार्रवाई के लिए प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा की। उन्होंने देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले सीआरपीएफ जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों और कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि राष्ट्र के प्रति उनकी सेवा को हमेशा याद रखा जाएगा।

एक आत्मघाती हमलावर ने 14 फरवरी, 2019 को विस्फोटकों से लदे वाहन से सीआरपीएफ जवानों की बस को टक्कर मार दी थी जिसमें 40 जवान शहीद हो गए थे। कुछ दिनों बाद भारत ने जवाबी हमला किया जिसे ‘बालाकोट एयरस्ट्राइक’ के नाम से जाना जाता है।

उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन ने अपने प्राण न्योछावर करने वाले सीआरपीएफ कर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका बलिदान राष्ट्र की स्मृति में सदा अंकित रहेगा।

मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘2019 में आज ही के दिन पुलवामा में अपनी जान गंवाने वाले बहादुर नायकों को याद करता हूं। राष्ट्र के प्रति उनका समर्पण, दृढ़ संकल्प और सेवा हमारी सामूहिक चेतना में हमेशा के लिए अंकित रहेगी। प्रत्येक भारतीय उनके अटूट साहस से प्रेरणा लेता है।’’

मोदी ने असम के गुवाहाटी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि दुनिया ने देखा है कि सरकार ने आतंकवादी हमले पर कैसे प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, ‘‘आतंकी हमले के बाद पूरी दुनिया ने देखा कि भारत ने इन आतंकवादियों को किस तरह सबक सिखाया।’’

उन्होंने कहा कि पिछले साल पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद चलाया गया ‘ऑपरेशन सिंदूर’ भी आतंकी हमलों के प्रति भारत की प्रतिक्रिया का सबूत था।

मोदी ने आरोप लगाया, ‘‘कांग्रेस ने देश की सुरक्षा के लिए कुछ नहीं किया, बल्कि सिर्फ बयान दिए और हथियार खरीदते समय घोटालों में लिप्त रही।’’

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने हमले में शहीद हुए सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के प्रति उनका अदम्य साहस और अटूट समर्पण राष्ट्र की सामूहिक स्मृति में हमेशा के लिए अंकित रहेगा।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘पुलवामा में 2019 के दुस्साहसी आतंकी हमले में शहीद हुए हमारे वीर जवानों को मेरी भावपूर्ण श्रद्धांजलि।’’

उन्होंने कहा, ‘‘भारत माता की रक्षा में उनके सर्वोच्च बलिदान के लिए देश सदैव उनका ऋणी रहेगा।’’

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि मातृभूमि के प्रति सैनिकों की अटूट प्रतिबद्धता, अद्वितीय वीरता और निस्वार्थ सेवा हर नागरिक को हमेशा प्रेरित करती रहेगी।

पंजाब, पश्चिम बंगाल, अरुणाचल प्रदेश, असम, उत्तर प्रदेश और हरियाणा के मुख्यमंत्रियों ने भी वीर जवानों के बलिदान की सराहना की।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शहीद सीआरपीएफ जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके बलिदान को कभी भुलाया नहीं जाएगा।

ममता ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “मैं सीआरपीएफ के उन बहादुर जवानों को सलाम करती हूं, जो 2019 में आज ही के दिन पुलवामा में आतंकवादी कृत्य के शिकार हुए थे।”

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलवामा आतंकी हमले में जान गंवाने वाले सीआरपीएफ के जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

आदित्यनाथ ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, ‘‘पुलवामा में हुए कायरतापूर्ण आतंकवादी हमले में अपने प्राणों की आहुति देने वाले भारत माता के सभी वीर सपूतों को नमन। हमारे अमर जवानों का बलिदान भारतीय शौर्य के उस अजेय संकल्प का उद्घोष है, जो हमें आतंकवाद को जड़ से समाप्त करने हेतु सदैव प्रेरित करता है। जय हिंद।’’

अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने पुलवामा आतंकी हमले में जान गंवाने वाले सीआरपीएफ जवानों को श्रद्धांजलि दी।

मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आज के इस महत्वपूर्ण मौके पर हम पुलवामा में हुए आतंकी हमले में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों को गहन श्रद्धा और सम्मान के साथ नमन करते हैं।’

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और हरियाणा के उनके समकक्ष नायब सिंह सैनी ने जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमले में जान गंवाने वाले सीआरपीएफ जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि राष्ट्र उनके बलिदान को हमेशा याद रखेगा।

मान ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा,‘‘हम पुलवामा में हुए आतंकवादी हमले में अपने प्राणों का बलिदान देने वाले सभी शहीदों को हार्दिक श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। हमारा राष्ट्र इन बहादुर सैनिकों के बलिदान को हमेशा याद रखेगा।’

हरियाणा के मुख्यमंत्री सैनी ने भी शहीदों को नमन करते हुए कहा, ‘‘पुलवामा के कायरतापूर्ण आतंकी हमले में शहीद हुए सभी अमर वीर जवानों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि एवं कोटिशः नमन।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मां भारती के वीर सपूतों का सर्वोच्च बलिदान राष्ट्र की एकता, सुरक्षा और संकल्प का अमिट प्रतीक है। उनका अदम्य साहस और देशभक्ति हमें सदैव आतंकवाद के विरुद्ध एकजुट होकर दृढ़ता से खड़े रहने की प्रेरणा देता है।’’

जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में आतंकी हमले में जान गंवाने वाले 40 सीआरपीएफ जवानों को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई ने पुष्पांजलि अर्पित की।

मणिपुर के पूर्व मुख्यमंत्री बीरेन सिंह, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्रियों केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक तथा तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने भी सीआरपीएफ जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

भाषा

देवेंद्र माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments