scorecardresearch
Friday, 14 March, 2025
होमदेशमोदी ने फ्रांस के राष्ट्रपति और प्रथम महिला को भारतीय परंपराओं को दर्शाने वाले उपहार दिए

मोदी ने फ्रांस के राष्ट्रपति और प्रथम महिला को भारतीय परंपराओं को दर्शाने वाले उपहार दिए

Text Size:

(तस्वीर सहित)

नयी दिल्ली, 12 फरवरी (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों को एक डोकरा कलाकृति भेंट की है, जिसमें परंपरागत संगीतज्ञों को जड़ाऊ पत्थरों से दर्शाया गया है। साथ ही फ्रांस की प्रथम महिला को फूलों और मोर की आकृति वाला चांदी का हाथ से बनाया गया टेबल मिरर प्रधानमंत्री की ओर से भेंट किया गया है।

डोकरा कला छत्तीसगढ़ की एक प्रसिद्ध धातु-ढलाई की परंपरा से जुड़ी है। अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र की समृद्ध आदिवासी विरासत में निहित इस कलाकृति में पारंपरिक संगीतकारों को सक्रिय मुद्राओं में दर्शाया गया है, जो संगीत के सांस्कृतिक महत्व को उजागर करता है।

फ्रांस की प्रथम महिला को दिया गया उपहार राजस्थान की समृद्ध परंपराओं से जुड़ा है और उत्कृष्ट शिल्प कौशल तथा सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है।

अधिकारियों ने कहा कि इसके चांदी के फ्रेम में फूलों और मोर की आकृतियां हैं, जो सुंदरता, प्रकृति और अनुग्रह का प्रतीक हैं।

उन्होंने कहा कि सावधानीपूर्वक उकेरा गया और चमकदार पॉलिश किया गया यह दर्पण राजस्थान की धातु से वस्तु बनाने की समृद्ध परंपरा को दर्शाता है।

यूरोपीय देश की दो दिवसीय यात्रा पर पहुंचे मोदी फ्रांस में मौजूद अमेरिका के उपराष्ट्रपति जे डी वेंस के दो बेटों और एक बेटी के लिए भी उपहार लेकर गए थे।

अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री ने विवेक वेंस को लकड़ी का रेलवे का खिलौना सेट और इवान ब्लेन वेंस को भारतीय लोक चित्रकला पर आधारित एक पहेली भेंट की।

अधिकारियों ने कहा कि लकड़ी का रेलवे का खिलौना पुरानी यादों को स्थायित्व के साथ जोड़ता है। अधिकारियों ने बताया कि प्राकृतिक लकड़ी से तैयार और पर्यावरण के अनुकूल वनस्पति रंगों से रंगा गया यह खिलौना बच्चों की सुरक्षा और पर्यावरण के प्रति जागरूकता सुनिश्चित करता है। जिग्सॉ पहेली में पश्चिम बंगाल की कालीघाट चित्रकला, संथाल जनजाति द्वारा बनाई गई संथाल पेंटिंग और बिहार की मधुबनी पेंटिंग सहित विभिन्न लोक चित्रकला शैलियों को शामिल करके भारत की समृद्ध कलात्मक विरासत को उकेरा गया है।

अधिकारियों ने बताया कि प्रत्येक शैली भारत की विविध सांस्कृतिक परंपराओं की एक अनूठी झलक पेश करती है, जिससे पहेली एक कलात्मक और शैक्षणिक अनुभव दोनों प्रदान करती है।

मोदी ने अमेरिकी उपराष्ट्रपति की बेटी मीराबेल रोज वेंस को लकड़ी का वर्णमाला सेट उपहार में दिया। पर्यावरण के अनुकूल लकड़ी का वर्णमाला सेट टिकाऊ, सुरक्षित और आकर्षक शिक्षण उपकरण है।

अधिकारियों ने कहा कि प्लास्टिक के विकल्पों के विपरीत, यह हानिकारक रसायनों से मुक्त है और पर्यावरण संरक्षण वाला है।

भाषा वैभव नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments