वडोदरा, 23 अक्टूबर (भाषा) इंडियन ऑयल की गुजरात रिफाइनरी में बृहस्पतिवार को वडोदरा जिला प्रशासन के साथ समन्वय में किसी आपदा से निपटने के लिए वृहद पैमाने पर ‘मॉक ड्रिल’ की गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि तृतीय स्तर ‘मॉक ड्रिल’ बड़े पैमाने पर, अंतर-संगठनात्मक आपातकालीन प्रतिक्रिया कवायद है जिसमें गैस रिसाव, आग या अन्य आपदाओं जैसी बड़ी घटनाओं से निपटने की तैयारियों का परीक्षण करने और इन्हें सुदृढ़ करने के लिए कई एजेंसियां और विभाग शामिल होते हैं।
राज्य सरकार द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के मुताबिक, यह ‘मॉक ड्रिल’ जिला प्रशासन, जिला औद्योगिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग (डीआईएसएच), गुजरात राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (जीएसडीएमए) और जिला संकट समूह के समन्वय से आयोजित की गई।
विज्ञप्ति के मुताबिक, इस ‘मॉक ड्रिल’ में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ), स्थानीय पुलिस के साथ-साथ रिलायंस इंडस्ट्रीज, गुजरात स्टेट फर्टिलाइजर्स एंड केमिकल्स लिमिटेड (जीएसएफसी), ओएनजीसी और अपतट औद्योगिक आपातकालीन नियंत्रण कक्ष जैसे पारस्परिक सहायता भागीदारों ने हिस्सा लिया।
भाषा धीरज नेत्रपाल
नेत्रपाल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
