scorecardresearch
Friday, 3 April, 2026
होमदेशगांदरबल ‘मुठभेड़’ पर मीरवाइज उमर फारूक ने कहा: उम्मीद है न्याय होगा

गांदरबल ‘मुठभेड़’ पर मीरवाइज उमर फारूक ने कहा: उम्मीद है न्याय होगा

Text Size:

श्रीनगर, तीन अप्रैल (भाषा) कश्मीर के मीरवाइज उमर फारूक ने शुक्रवार को उम्मीद जताई कि गांदरबल मुठभेड़ मामले में न्याय होगा और जो लोग इसके लिए जिम्मेदार हैं उन्हें जवाबदेह ठहराया जाएगा तथा दंडित किया जाएगा।

मीरवाइज ने कहा, ‘‘गांदरबल के अरहामा में एक मुठभेड़ में एक युवक राशिद अहमद मुगल के मारे जाने की दुखद खबर कल आई। उसके परिवार ने बताया कि वह एक अंशकालिक कंप्यूटर ऑपरेटर था, जिसका आतंकवाद से कोई संबंध नहीं था और उसे उठाकर बेरहमी से मार डाला गया। इससे इस तरह की मुठभेड़ों की दर्दनाक यादें ताजा हो गईं।’’

वह श्रीनगर के पुराने इलाके नौहट्टा स्थित जामिया मस्जिद में जुम्मे की नमाज से पहले तकरीर दे रहे थे।

मीरवाइज ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने जांच के आदेश दिये हैं और उम्मीद है कि ‘इस बार न्याय मिलेगा’।

उन्होंने कहा, ‘‘उसका (मुगल का) परिवार निष्पक्ष जांच के जरिये न्याय चाहता है। हम केवल यही उम्मीद कर सकते हैं कि न्याय होगा, क्योंकि अतीत के अनुभव विश्वास जगाने वाले नहीं हैं। लेकिन, खबर आई है कि उपराज्यपाल साहब ने स्वयं जांच का आदेश दिया है, तो आइए उम्मीद करें कि इस बार न्याय होगा और दोषियों को जवाबदेह ठहराया जाएगा तथा उन्हें दंडित किया जाएगा।’’

मीरवाइज ने यह भी कहा कि मुगल का शव उसके परिवार को नहीं सौंपना ‘अमानवीय और निंदनीय’ है।

उपराज्यपाल सिन्हा ने शुक्रवार को गांदरबल जिले में हुई मुठभेड़ की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए।

भाषा धीरज सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments